
Public Relations Section Phone: 03592-202410
Fax: 03592- 202742
RAJ BHAVAN
GANGTOK, SIKKIM
SKM/GOV/PR/2023/127
प्रेस विज्ञप्ति
राजभवन, दिनांक : 05.03.2023
एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत ओडिशा के युवा संगम प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से राजभवन में शिष्टाचार भेंट की | सिक्किम भ्रमण पर आए ओडिशा के 31 युवा एवं 5 समन्वयक 2 से 7 मार्च, 2023 तक सिक्किम के विभिन्न स्थानों के दौरे पर हैं| सिक्किम राज्य के लिए राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान सिक्किम (एनआईटी सिक्किम) को इस कार्यक्रम का समन्वय करने के लिए नोडल संस्थान रूप में चुना गया है।
कार्यक्रम के आरंभ में, एनआईटी ,सिक्किम के निदेशक महेश कुमार गोविल एवं निदेशक एनआईटी, राउरकेला ,डॉ सुवर्ण और डॉ बालाजी ने माननीय राज्यपाल का सम्मान करते हुए बहुमूल्य समय देने के लिए आभार प्रकट किया।इस दौरान ओडिशा के दो सदस्यों द्वारा अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए सिक्किम के परंपरागत शानदार आतिथ्य सत्कार पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए अपने अनुभवों को साझा किया।
राज्यपाल महोदय ने प्रतिनिधि मंडल का स्वागत करते हुए अपने संबोधन में कहा कि प्रगतिशील भारत की गौरवशाली विविध संस्कृति,परंपरा,इतिहास,भेष,भूषा,भाषा, भ्रमण और भोजन से जोड़ता एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम पूर्वोत्तर क्षेत्र के युवाओं और शेष भारत के मध्य घनिष्ठ संबंध के बीच का सेतु का कार्य कर रहा है | उन्होंने कहा कि विविध भाषा,धर्म, संस्कृति,रीति-रिवाजों की जानकारी आपसी समझ और संबंधों में प्रगाढ़ता का संचार करती है, जिससे हमारे राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूती प्राप्त होती है। "संस्कृति सदा हमें जोड़ने का कार्य करती है। युवाओं के इस संगम से देश में अवश्य ही नवाचार, जागृति तथा जागरूकता उत्पन्न होगी और भारतवासियों को आपस में जोड़कर एकता, शांति और सद्भाव को बढ़ावा मिलेगा "माननीय राज्यपाल महोदय ने कहा।
एक भारत श्रेष्ठ भारत परंपरा, पर्यटन,प्रौद्योगिकी,प्रगति एवं परस्पर सम्बन्ध को मजबूती प्रदान करने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है।