Close

    01.04.2026 : जनगणना संचालन निदेशालय, सिक्किम द्वारा आज लोकभवन, सिक्किम में जनगणना 2027 अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर माननीय राज्यपाल ने अभियान का उद्घाटन किया।

    Publish Date : April 1, 2026

    सिक्किम में जनगणना 2027 अभियान का शुभारंभ

    जनगणना संचालन निदेशालय, सिक्किम द्वारा आज लोकभवन, सिक्किम में जनगणना 2027 अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर माननीय सिक्किम राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने स्वयं-गणना कर राज्य के प्रथम नागरिक के रूप में अभियान का उद्घाटन किया।
    कार्यक्रम में माननीय राज्यपाल ने स्वयं-गणना कर 2027 जनगणना का शुभारंभ किया, जो सिक्किम में जनगणना अभियान की शुरुआत का प्रतीक है। इस अवसर पर राज्य की जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जनगणना 2027 का शुभारंभ सिक्किम और संपूर्ण भारत के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। यह देश की 16वीं और स्वतंत्र भारत की 8वीं जनगणना है। उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक स्वयं-गणना पहली बार डिजिटल माध्यम से हो रही है, जो एक क्रांतिकारी परिवर्तन है। डिजिटल माध्यम के उपयोग से प्रक्रिया में अधिक गति और दक्षता सुनिश्चित होगी, जो ‘डिजिटल भारत संकल्प’ को सशक्त बनाती है और पारदर्शिता को बढ़ावा देती है।
    माननीय राज्यपाल ने कहा कि जनगणना केवल संख्याओं का संकलन नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व जैसी नीतियों की नींव है। सिक्किम के लिए इसका विशेष महत्व है क्योंकि यह विविध जनजातीय समुदायों की सही जनसंख्या का आकलन और विकास योजनाओं को दिशा प्रदान करेगी। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि सक्रिय भागीदारी करें, सही जानकारी दें और सुनिश्चित करें कि हर व्यक्ति गिना जाए।
    “जनगणना 2027 आने वाले दशक की विकास यात्रा की मजबूत नींव रखेगी।”माननीय राज्यपाल |
    कार्यक्रम में राज्यपाल महोदय के आयुक्त-सह-सचिव श्री जितेंद्र सिंह राजे, जनगणना संचालन निदेशक श्री कर्मा बोम्पू, सिक्किम सरकार की जनसंपर्क सचिव श्रीमती अन्नपूर्णा आले, विशेष गृह सचिव, जिला कलेक्टर गंगटोक एवं प्रधान जनगणना अधिकारी, अन्य उच्च अधिकारीगण तथा प्रेस प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
    इस बार जनगणना 2027 दो चरणों में आयोजित होगी:
    प्रथम चरण: स्वयं गणना 1 अप्रैल – 16 अप्रैल 2026 तक हो रही है जिसमें नागरिक डिजिटल माध्यम से स्वयं पंजीकरण करेंगे।
    इसके बाद गृह-सूचीकरण एवं आवास जनगणना 16 अप्रैल – 15 मई 2026 तक होगी, जिसमें प्रगणक घर-घर जाकर आंकड़े संकलित करेंगे।
    दूसरा चरण: जनसंख्या गणना फरवरी 2027 मे होगी जिसमें प्रत्येक व्यक्ति की विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी।