Close

    03.04.2026 : सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने आज अपनी तीन दिवसीय उत्तर सिक्किम यात्रा के पहले दिन छातेन, लाचेन क्षेत्र का दौरा किया।

    Publish Date : April 3, 2026

    सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने आज अपनी तीन दिवसीय उत्तर सिक्किम यात्रा के पहले दिन छातेन, लाचेन क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने लाचेन में भारतीय सेना की ‘ऑपरेशन सद्भावना’ के अंतर्गत की गई कुल 164 जन कल्याणकारी विकास परियोजनाओं को लाचेन और लाचुंग की जनता को समर्पित किया जिन्हें लाचेन और लाचुंग के पिपोन् को सौंपे गए।

    यह समारोह 27 माउंटेन डिवीजन के जीओसी मेजर जनरल के.एस. दधिवाल, एवीएसएम, एसएम, वीएसएम की उपस्थिति में आयोजित हुआ।

    इन परियोजनाओं में विशेष तौर पर स्वास्थ्य सेवा संरचना को मजबूत करना, युवा सशक्तिकरण, अग्निशमन उपकरण, सामुदायिक कल्याण सुविधाएं, पर्यटन संवर्धन, महिला सशक्तिकरण तथा BRO द्वारा सड़क विकास संबंधी महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इन पहलों से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।
    समारोह से पहले चीफ इंजीनियर स्वास्तिक ने राज्यपाल महोदय को इन नवीनतम परियोजनाओं का विस्तृत ब्रिफिंग दिया।

    माननीय राज्यपाल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा, “भारतीय सेना की ‘ऑपरेशन सद्भावना’ सिक्किम के दूरस्थ इलाकों में विकास, सद्भावना और विश्वास का प्रतीक है। कठिन परिस्थितियों में भी सेना द्वारा किए जा रहे ये प्रयास सिक्किमवासियों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। सेना और स्थानीय समुदाय के सामूहिक प्रयास से हम इस क्षेत्र को और मजबूत एवं समृद्ध बनाएंगे।”

    दौरे के दौरान राज्यपाल महोदय ने स्थानीय लोगों के साथ खुलकर संवाद किया और उनकी चुनौतियों से अवगत हुए।
    रास्ते में राज्यपाल महोदय ने हाल ही में उद्घाटित तारामचु ब्रिज का निरीक्षण भी किया। इस ब्रिज ने लाचेन को सिक्किम के अन्य हिस्सों से फिर से जोड़ दिया है। इससे पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।

    इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री अनंत जैन, पुलिस अधीक्षक, श्री एल. बी. छेत्री, स्थानीय प्रशासन के अधिकारी, पिपोन्स, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामवासी उपस्थित रहे।