03.11.2026 : माननीय राज्यपाल श्री दुष्यन्त गौतम ने एस. टी.एन.एम. अस्पताल और हेलेन लेप्चा मेडिकल कॉलेज का किया दौरा; मरीजों का जाना हाल-चाल, स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की
माननीय राज्यपाल श्री दुष्यन्त गौतम ने एस. टी.एन.एम. अस्पताल और हेलेन लेप्चा मेडिकल कॉलेज का किया दौरा; मरीजों का जाना हाल-चाल, स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की
सिक्किम के नवनियुक्त माननीय राज्यपाल श्री दुष्यन्त गौतम ने पदभार ग्रहण करने के बाद आज गंगटोक स्थित नए सर थुटोब नामग्याल मेमोरियल अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर वहां उपचाराधीन मरीजों से मुलाकात की, उनका हाल-चाल जाना और उन्हें फल-टोकरी भेंट कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इसके अलावा वहाँ की बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया और कई महत्त्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
इस दौरान राज्यपाल महोदय के आयुक्त सह सचिव श्री जितेंद्र सिंह राजे भी उपस्थित रहे।
अस्पताल परिसर में माननीय राज्यपाल ने स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री छेवांग ग्यात्सो और अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डाॅ.रूथ योंजन के साथ समीक्षा बैठक की। राज्यपाल महोदय ने अस्पताल की बुनियादी ढांचागत सुविधाओं, जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ की कार्यशैली तथा समग्र स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली की विस्तृत जानकारी ली।
इसके पश्चात, माननीय राज्यपाल महोदय ने नवनिर्मित हेलेन लेप्चा सिक्किम गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज का भी दौरा किया। वहां उन्होंने सर्वप्रथम स्वतंत्रता सेनानी हेलन लेप्चा की प्रतिमा पर खदा भेट कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद चिकित्सा शिक्षा के बुनियादी ढांचे, प्रयोगशालाओं और शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की साथ ही मेडिकल कॉलेज के प्रथम बैच के बच्चों से संवाद किया।
इसके अतिरिक्त,राज्यपाल महोदय ने हॉस्पिटल फैकल्टी और अधिकारियों से बातचीत करते हुए कहा कि यह संस्थान नव भारत निर्माण का विकास द्वार है साथ ही युवा विद्यार्थियों से कहा कि वे पूरी निष्ठा व सेवा भाव के साथ चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ें, ताकि भविष्य में सिक्किम तथा देश के के दूरदराज के क्षेत्रों तक सर्वसुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाने में अपना अमूल्य योगदान दे सकें।