Close

    05.07.2026 : सर प्रताप विधि महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव ‘विक्ट्री 2026’ में शामिल हुए माननीय राज्यपाल

    Publish Date : July 5, 2026

    सर प्रताप विधि महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव ‘विक्ट्री 2026’ में शामिल हुए माननीय राज्यपाल

    सर प्रताप विधि महाविद्यालय, जोधपुर के वार्षिक दीक्षांत समारोह ‘विक्ट्री 2026’ का आयोजन आज मारवाड़ कन्वेंशन सेंटर में किया गया।
    इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने शिरकत की।

    कार्यक्रम में स्नातक के छात्र-छात्राओं को उपाधियाँ एवं पदक वितरित किए गए।

    राज्यपाल महोदय ने पदक विजेताओं और स्नातक विद्यार्थियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अपने संबोधन में महाविद्यालय के इतिहास को रेखांकित करते हुए कहा, “आज मुझे इस मंच से सर प्रताप विधि महाविद्यालय के उस गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए गर्व की अनुभूति हो रही है, जिसकी जड़ें हमारी संस्कृति और प्रगतिशील सोच में गहराई से समाई हैं।आज से लगभग 140 वर्ष पहले, आधुनिक और दूरदर्शी विचारों के धनी महाराजा सर प्रताप सिंह जी ने मुंशी शंभूलाल जी माथुर की प्रेरणा से, समाज के बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा देने का एक पावन संकल्प लिया था। इसी संकल्प के साथ 26 सितंबर 1887 में ‘सर प्रताप स्कूल’ की नींव रखी गई थी, वह आज उच्च शिक्षा और राष्ट्र निर्माण का एक शीर्ष केंद्र बन चुका है।

    राज्यपाल महोदय ने कहा कि इस संस्थान ने राजनीति, न्यायपालिका, खेल और शिक्षा के क्षेत्र में अनेक ऐसी प्रतिभाओं को जन्म दिया है, जिन्होंने देश और समाज का नाम रोशन किया है।

    राज्यपाल महोदय ने विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि “‘विक्ट्री 2026’ केवल डिग्रियों का वितरण नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की बरसों की तपस्या और कठिन परिश्रम का उत्सव है। अंत में उन्होंने सभी उपाधि प्राप्तकर्ताओं को बधाई देते हुए आह्वान किया कि वे जीवन के जिस भी क्षेत्र में जाएँ, अपनी मेहनत और ईमानदारी से कॉलेज व देश का नाम ऊँचा करें।
    इस समारोह में देश और राज्य की कई गणमान्य हस्तियाँ शामिल हुईं, जिनमें केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पूर्व मुख्य न्यायाधीश इलाहाबाद उच्च न्यायालय, जस्टिस गोविंद माथुर, राजस्थान उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीश जस्टिस कुलदीप माथुर, विधायक श्री अतुल भंसाली, महाविद्यालय के प्रधानाचार्य एवं निदेशक डॉ. शंभू सिंह राठौड़, नव समाज शिक्षण संस्थान ,जोधपुर के अध्यक्ष श्री गिरीश माथुर तथा संस्थान के सभी सदस्यगण, संकाय सदस्य और विद्यार्थी उपस्थित रहे।