07.04.2026 : माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने प्रथम राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रोत्साहित किया, सिक्किम खो-खो संघ को प्रदान की सहयोग राशि
माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने प्रथम राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रोत्साहित किया, सिक्किम खो-खो संघ को प्रदान की सहयोग राशि
प्रथम राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता 2026 के सफल समापन के उपरांत आज लोक भवन के सम्मेलन कक्ष में एक समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने सभी वर्गों (सब-जूनियर एवं ओपन कैटेगरी) के विजेताओं तथा उपविजेताओं से मिलकर प्रोत्साहन स्वरूप सहयोग राशि प्रदान करते हुए विजेताओं को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि खो-खो भारत की प्राचीन एवं पारंपरिक खेल है, जिसे बढ़ावा देना आवश्यक है और भविष्य में ऐसे आयोजनों को और अधिक प्रोत्साहित किया जाएगा।
समारोह में उपस्थित सिक्किम खो- खो एसोसिएशन के पेट्रोन श्री अर्जुन घतानी अध्यक्ष श्री बी.के. रोका, महासचिव सुश्री सावित्री प्रधान साथ ही विभिन्न कोच, विजेता तथा उपविजेता खिलाड़ी विभिन्न श्रेणियों से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सिक्किम खो-खो संघ के अध्यक्ष श्री बी.के. रोका ने माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “माननीय राज्यपाल जी के पूर्ण समर्थन, सहयोग तथा निरंतर प्रोत्साहन के कारण ही यह ऐतिहासिक आयोजन सफल हो सका। हम सभी माननीय राज्यपाल के मार्गदर्शन के लिए अत्यंत कृतज्ञ हैं।”
ध्यातव्य है कि यह तीन दिवसीय प्रथम राज्य स्तरीय खो-खो चैंपियनशिप 3 अप्रैल 2026 को खेल गांव, रेशीथांग, गंगटोक में माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर द्वारा उद्घाटन के साथ शुरू हुई थी और 5 अप्रैल 2026 को समाप्त हुई। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों, स्कूलों तथा क्लबों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।