Close

    08.09.2026 : सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने किया मंगन जिले का दौरा; फिदांग ब्रिज मार्ग का जायजा लेते हुए जोंगु वाइब्रेंट विलेज पहुँचे, कृषि की जमीनी स्थिति का अवलोकन कर किसानों से

    Publish Date : September 9, 2026

    सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने किया मंगन जिले का दौरा; फिदांग ब्रिज मार्ग का जायजा लेते हुए जोंगु वाइब्रेंट विलेज पहुँचे, कृषि की जमीनी स्थिति का अवलोकन कर किसानों से किया संवाद

    सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने आज मंगन जिले का दौरा किया। इस भ्रमण की शुरुआत करते हुए राज्यपाल महोदय ने फिदांग ब्रिज से होकर जिले के विभिन्न मार्गों की स्थिति का जायजा लिया और सरकारी बागवानी फार्म का निरीक्षण किया।

    माननीय राज्यपाल की हार्दिक इच्छा थी कि वे जोंगु क्षेत्र का दौरा कर वहाँ के लोगों की जीवन‑शैली, रहन‑सहन तथा उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं से परिचित हो सकें। यहाँ पहुँचकर उन्होंने अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।
    माननीय राज्यपाल ने विशेष रूप से सरकारी बागवानी फार्म पहुँचने पर ‘ऑरेंज फार्म’ का अवलोकन किया। इसके साथ ही, उन्होंने बड़ी इलायची के पुनरुद्धार के लिए किए जा रहे कार्यों को करीब से देखा। राज्यपाल महोदय ने कृषि विशेषज्ञों और अधिकारियों से बातचीत करते हुए इस पुनरुद्धार कार्य के बारे में संपूर्ण जानकारी प्राप्त की। उन्होंने क्षेत्र में होने वाली वर्षा, खेती में आने वाली कठिनाइयों और चुनौतियों के बारे में भी विस्तृत जानकारी ली। किसानों और विभाग के प्रयासों को देखते हुए राज्यपाल महोदय ने इस कार्य की प्रशंसा करते हुए सहयोग का आश्वासन दिया।

    इसके पश्चात, राज्यपाल महोदय सुदूर क्षेत्र हीगेथांग, जो वाइब्रेंट विलेज अंतर्गत स्थित ‘नॉलेज शेयरिंग सेंटर’ है, पहुँचे, जहाँ एक किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया था। इस गोष्ठी में स्थानीय किसानों द्वारा लगाए गए जैविक उत्पादों और ताजी सब्जियों के स्टॉल का राज्यपाल महोदय ने दौरा किया।
    उन्होंने प्रत्येक स्टॉल पर जाकर किसानों से संवाद किया और उनके उत्पादों की सराहना की। इस अवसर पर कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), ताडोंग तथा कृषि एवं बागवानी विभाग द्वारा एक प्रस्तुति दी गई। राज्यपाल महोदय ने इस दौरान क्षेत्र में चल रही विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने जोंगु को ‘स्वर्ग’ बताते हुए इसे अवसरों की सम्भावनाओं वाला क्षेत्र कहा। संवाद के दौरान स्थानीय लोगों ने गाँव में मैनपावर की कमी, जंगली जानवरों की समस्या और बाज़ार की चुनौतियों आदि मुद्दे रखे।

    अपने संबोधन में माननीय राज्यपाल ने स्थानीय लोगों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें अपनी क्षमता को पहचानने और सम्भावनाओं को अवसर के रूप में देखते हुए नवाचार करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही, उन्होंने अपने उत्पादों के लिए बाज़ार की पहचान करने पर जोर दिया ताकि किसानों को उचित मूल्य प्राप्त हो सके।

    इसी क्रम में राज्यपाल महोदय ने ‘नेटल हैंडलूम सेंटर’ का भी दौरा किया, जिसे इको स्ट्रीम एवं एमएलएएस एनजीओ (MLAS NGO) के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया जा रहा है। इस केंद्र में ‘नेटल’ (एक प्रकार की स्थानीय वनस्पति) से अत्यंत कुशलतापूर्वक धागा तैयार किया जाता है और फिर उससे उच्च गुणवत्ता वाले उत्कृष्ट फैब्रिक्स व कपड़े बनाए जाते हैं। इन उच्च मूल्य उत्पादों की भारी मांग है और इनकी आपूर्ति महानगरों में की जाती है। प्राकृतिक वनस्पति से धागा निकालकर इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के उत्पाद तैयार करने की इस अनूठी और पर्यावरण-अनुकूल तकनीक को देखकर माननीय राज्यपाल महोदय ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इस अभिनव प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह स्थानीय रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक अनुकरणीय कदम है।

    इसी कड़ी में राज्यपाल महोदय ने ‘इंटीग्रेटेड फार्म हाउस’ का भी दौरा किया, जिसके अंतर्गत श्री छिरिंग ओंगदेन लेप्चा के फार्म पहुँचे। यहाँ इंटीग्रेटेड फार्मिंग के अंतर्गत डेयरी, मत्स्य पालन, बागवानी और कृषि का संचालन किया जा रहा है, जिसे ICAR ताडोंग के पूर्ण सहयोग से विकसित और समर्थित किया गया है। राज्यपाल महोदय ने इस कार्य की सराहना करते हुए किसानों से संवाद किया और जानकारी हासिल की।

    इस दौरे में मंगन जिला अधिकारी श्री अनंत जैन, ICAR ताडोंग के क्षेत्रीय केंद्र के प्रमुख श्री अशोक कुमार, TPS नोडल अधिकारी डॉ. सौरभ शाह, डॉ. अमित कुमार, प्रशासन के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के प्रमुख उपस्थित रहे।