Close

    14.03.2026 : कंचनजंगा स्टेट यूनिवर्सिटी, सिक्किम का चौथा दीक्षांत समारोह आज चिंतन भवन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सिक्किम के माननीय राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति ने अपनी उपस्थिति दर्ज की।

    Publish Date : March 16, 2026

    कंचनजंगा स्टेट यूनिवर्सिटी, सिक्किम का चौथा दीक्षांत समारोह आज चिंतन भवन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सिक्किम के माननीय राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री ओम प्रकाश माथुर ने अपनी उपस्थिति दर्ज की। इस दौरान राज्य शिक्षा मंत्री श्री राजू बस्नेत की भी उपस्थिति रही।

    दीक्षांत समारोह का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति ने औपचारिक रूप से दीक्षांत समारोह उद्घोषित किया और पारंपरिक दीप प्रज्वलन किया।

    माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति ने विश्वविद्यालय के नेपाली, संस्कृत, भूटिया, लिम्बू और लेपचा विषयों में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण एवं रजत पदक सहित डिग्री और मेडल प्रदान किए।

    अपने उद्बोधन में माननीय राज्यपाल ने सभी स्नातक उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों को बधाई देते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। विश्वविद्यालय की स्थायी निर्माणाधीन परिसर के शीघ्र पूरा करने की दिशा में शिक्षा मंत्री से संज्ञान लेने पर बल दिया।

    माननीय राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा केवल योग्यता नहीं, बल्कि एक बड़ी ज़िम्मेदारी है। विद्यार्थी अपने परिवार, शिक्षकों और विश्वविद्यालय की गरिमा को आगे लेकर जाते हैं। चाहे वे किसी भी क्षेत्र में जाएँ ,उनका योगदान इतना बड़ा होना चाहिए कि सिक्किम और विश्वविद्यालय का नाम पूरे देश में रोशन हो। उन्होंने कहा कि राज्य को केवल प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन के लिए नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के लिए भी जाना जाए इसके संवाहक विद्यार्थी ही हैं।

    कुलपति डॉ. आशीष शर्मा, संकाय सदस्यों और कर्मचारियों को सीमित संसाधनों के बावजूद इस संस्थान को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने तथा विश्वविद्यालय में की गयी पहल पर बधाई दी।

    समारोह का समापन माननीय राज्यपाल द्वारा दीक्षांत समारोह को औपचारिक रूप से समाप्त घोषित करने के साथ हुआ।
    इस अवसर पर शिक्षा विभाग के प्रधान मुख्य सचिव श्री संदीप तांबे, सचिव (उच्च शिक्षा) श्री तेनजिंग किज़ोम, कुलपति डॉ. आशीष शर्मा, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, उच्च अधिकारीगण, संकाय सदस्य, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।