14.07.2026 : सिक्किम के माननीय राज्यपाल ने आज शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के दौरान विभिन्न प्रशिक्षण एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एनसीसी कैडेटों को ‘राज्यपाल पदक’ प्रदान कर सम्मानित किया
एनसीसी राष्ट्र निर्माण की सशक्त संस्था, अनुशासित युवा ही विकसित भारत के आधार : माननीय राज्यपाल
सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने आज लोकभवन में आयोजित समारोह में शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के दौरान विभिन्न प्रशिक्षण एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एनसीसी कैडेटों को ‘राज्यपाल पदक’ प्रदान कर सम्मानित किया।
सिक्किम सरकार के शिक्षा विभाग तथा एनसीसी ग्रुप मुख्यालय दार्जिलिंग एवं सिक्किम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में 1, 3 एवं 4 सिक्किम बटालियन एनसीसी से संबद्ध विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के कुल 43 मेधावी कैडेटों को पदक, प्रशस्ति-पत्र तथा नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
समारोह का आरंभ वर्षा के बावजूद एनसीसी कैडेटों द्वारा राज्यपाल महोदय को दिए गए ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ से हुआ। इसके पश्चात शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव डॉ. संदीप तांबे ने सभी अतिथियों का स्वागत किया | इस अवसर पर सिक्किम सरकार के शिक्षा, खेल, युवा मामले, कानून एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री राजू बस्नेत, एनसीसी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम निदेशालय के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल ए.पी.एस. चहल(सेना मेडल) तथा दार्जिलिंग एवं सिक्किम ग्रुप के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर विवेक मलिक सहित स्कूली शिक्षा सचिव श्री ताशी छोपेल सिक्किम एनसीसी की तीनों बटालियनों के कमांडिंग ऑफिसर्स, एएनओ, विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के प्रधानाचार्य, एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर्स , शिक्षा विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मेजर जनरल ए.पी.एस. चहल ने एनसीसी द्वारा संचालित प्रशिक्षण, साहसिक गतिविधियों, सामुदायिक सेवा एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी |
समारोह के दौरान राज्यपाल महोदय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को 18 स्वर्ण, 15 रजत तथा 10 कांस्य पदक प्रदान किए। साथ ही, सिक्किम गवर्नमेंट साइंस कॉलेज, चाकुंग के एसोसिएट एनसीसी अधिकारी (एएनओ) लेफ्टिनेंट मनोज कुमार प्रधान को एनसीसी गतिविधियों में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस’ से सम्मानित किया। राज्यपाल महोदय ने एनसीसी गतिविधियों के सफल संचालन में सहयोग के लिए एडीजी, एनसीसी, ग्रुप कमांडर तथा तीनों बटालियनों के कमांडिंग अधिकारियों को स्मृति-चिह्न भी भेंट किए।
अपने संबोधन में राज्यपाल महोदय ने ‘राज्यपाल पदक’ प्राप्त करने वाले सभी 43 एनसीसी कैडेटों और एएनओ को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं |उन्होंने कहा कि एनसीसी राष्ट्र निर्माण की एक सशक्त संस्था है, जो युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, चरित्र निर्माण, सेवा भावना और राष्ट्रभक्ति जैसे जीवन-मूल्यों का विकास करती है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि सीमावर्ती राज्य सिक्किम में एनसीसी की भूमिका और भी अधिक महत्वपूर्ण है|
राज्यपाल महोदय ने शिक्षा विभाग से शिक्षण संस्थानों विशेषकर दूरस्थ एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में, एनसीसी का विस्तार सुनिश्चित करने का आग्रह किया ताकि राज्य के अधिक से अधिक युवाओं को इस संगठन से जुड़ने और नेतृत्व विकास का अवसर प्राप्त हो सके। उन्होंने माननीय शिक्षा मंत्री से आग्रह किया कि राज्य में एनसीसी ग्रुप मुख्यालय की स्थापना का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि इससे राज्य के अधिक युवाओं को उच्चस्तरीय एनसीसी प्रशिक्षण उपलब्ध होगा और संगठन की पहुँच और भी व्यापक बनेगी।
राज्यपाल महोदय ने नशीली दवाओं के विरुद्ध चल रहे जन-जागरूकता अभियानों में एनसीसी कैडेटों की सक्रिय एवं प्रभावी भागीदारी पर भी बल देते हुए कहा कि युवा शक्ति के सहयोग से ही नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक समाज का निर्माण संभव है।
राज्यपाल महोदय ने कैडेटों से अपने जीवन के लक्ष्यों के प्रति अडिग रहने तथा उत्साह, संघर्षशीलता और समर्पण के साथ निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा के लिए शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक दृढ़ता भी उतनी ही आवश्यक है, क्योंकि यही प्रभावी नेतृत्व, आत्मविश्वास और विपरीत परिस्थितियों में सफलता का आधार बनती है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को साकार करने में अनुशासित, सक्षम एवं राष्ट्रनिष्ठ युवाओं की निर्णायक भूमिका होगी और एनसीसी कैडेट इस राष्ट्रीय परिवर्तन के अग्रदूत बनेंगे।