15.08.2024 : 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर प्रदेशवासियों के लिए संबोधन
78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर प्रदेशवासियों के लिए संबोधन
15 अगस्त, 2024
मेरे प्यारे सिक्किमवासियों /भाइयों एवं बहनों,
देश के अठहत्तरवें स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर, मैं सिक्किम राज्य एवं अपने देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ देता हूँ । यह विशेष अवसर हमें सभी देशभक्तों एवं अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि देने का अवसर प्रदान करता है, जिन्होंने भारत को ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन की बेड़ियों से मुक्त कराकर देश को संप्रभु, धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक एवं गणराज्य के रूप में स्थापित किया है। अमृतकाल के इस स्वर्णिम समय में पूरा राष्ट्र गौरव का अनुभव कर रहा है।
हमारे देश की स्वाधीनता की यात्रा त्याग, संकल्प, एकता और प्रतिबद्धता का प्रतिनिधित्व करती है। यह हमारे स्वतंत्रता सेनानियों की अदम्य दूरदर्शिता का प्रतीक है। समता, समानता एवं बंधुत्व ही इसके मूल सूत्र हैं।
आइए, इस अवसर पर, हम उन सभी वीर और वीरांगनाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करें, जिन्होंने हमारे देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। आइए, हम अपने राज्य और देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने हेतु एकजुट होकर विकसित भारत – 2047 के सपनों के साथ नए भारत के निर्माण हेतु संकल्पित हों।
मेरे प्रिय सिक्किमवासियों,
वर्ष 1975 में सिक्किम राज्य का भारत में विलय हुआ और सिक्किम भारतीय संघ का एक अभिन्न अंग बना। सिक्किमवासियों के लिए तब से लेकर अब तक का सफर अत्यंत स्मरणीय और सार्थक रहा है। निश्चित रूप से इस यात्रा में हमने विकसित भारत के सपनों को साकार करते हुए कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। सिक्किम ने प्रजातान्त्रिक प्रणाली में सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास किया है। अपनी उत्कृष्ट उपलब्धियों के कारण सिक्किम राज्य आज पूरी दुनिया के समक्ष एक मिसाल के रूप में उल्लेखनीय है।
केंद्र सरकार के निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग से सिक्किम एक अग्रणी राज्य के रूप में देश के विकास में निरंतर योगदान दे रहा है। सिक्किम आज प्रगति एवं विकास के मॉडल के रूप में उभर रहा है, जो लोकतंत्र, समावेशिता और सतत विकास के सिद्धांतों से प्रेरित है।
मेरे प्रिय सिक्किमवासियों,
नीति आयोग द्वारा जारी गरीबी सूचकांक रिपोर्ट के अनुसार सिक्किम राज्य को देश में सबसे कम गरीब आबादी वाले राज्य का दर्जा प्राप्त है।
पर्यावरणीय स्थिरता में, ‘मेरो रुख मेरो संतति’ योजना ने वैश्विक मान्यता अर्जित की है। पर्यावरण संरक्षण को दृष्टिगत रखते हुए 1 से 14 जुलाई तक “हरित विरासत छोड़ें” थीम के अनुपालन में प्रत्येक वर्ष ‘सिक्किम पर्यावरण पर्व’ मनाया जाता है। यह पर्व मानव-प्रकृति संबंध को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण उपक्रम के रूप में कार्य कर रहा है।
‘मेरो बाटो मेरो बोट’ अभियान, वन और पर्यावरण विभाग एवं सड़क विभाग के बीच एक सहयोगात्मक प्रयास है। सड़कों के आस-पास के स्थानों को हरा-भरा की दिशा में यह उपक्रम सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। यह योजना सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने में मददगार सिद्ध हो रही है।
‘माई चाइल्ड फ्रॉम द वाइल्ड’ राज्य सरकार की महत्त्वपूर्ण योजना है। इसके माध्यम से व्यक्ति या समूह पार्क प्रबंधन के साथ एक समझौते के जरिये किसी जानवर को गोद ले सकते हैं। यह पहल वन्यजीव के संरक्षण में सार्वजनिक भागीदारी को बढ़ावा प्रदान कर रही है।
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का सिक्किम में सक्रिय रूप से पालन किया जा रहा है। प्रकृति और माँ के प्रति सम्मान और प्रतिबद्धता का प्रतीक यह अभियान पूरे राज्य में सफलतापूर्वक लागू किया जा रहा है।
आर्थिक विकास में, सिक्किम का विनिर्माण क्षेत्र देश में सबसे अधिक मूल्यवर्धन के साथ महत्वपूर्ण योगदान प्रदान कर रहा है। पोषण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी हमारी प्रगति उल्लेखनीय है। बाल कुपोषण दरों को कम करने की दिशा में भारत में सिक्किम राज्य का अग्रणी स्थान है।
हमें यह साझा करते हुए हार्दिक प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है कि हमारे सभी जिलों ने डिजिटल सक्षमता के साथ सभी ब्लॉकों में पूर्ण बैंकिंग कवरेज हासिल की है।
मेरे प्यारे नागरिकों,
राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई कई प्रमुख पहलों के द्वारा राज्य की उल्लेखनीय प्रगति हुई है:
• ‘सिक्किम आमा सहयोग योजना’ के तहत 18 से 59 आयु वर्ग की गैर-कामकाजी, अविवाहित, विधवा, तलाकशुदा या अलग हो चुकी माताओं को बीस हजार रुपये प्रदान किया जा रहा है। यह लैंगिक समानता और महिला कल्याण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।
• ‘बहिनी योजना’ सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में मुफ्त सैनिटरी नैपकिन प्रदान करके हमारी बेटियों के कल्याण का समर्थन कर रही है।
• ‘मोबाइल विलेज क्लीनिक’ योजना के जरिये दूरदराज के इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच रही हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच में काफी सुधार हो रहा है।
• ‘मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर योजना’ सिक्किम के लोगों के बीच आत्मनिर्भरता और उद्यमिता को बढ़ावा प्रदान कर रही है।
• इसी क्रम में, ‘मुख्यमंत्री कृषि आत्मनिर्भर योजना’ 19 जैविक फसलों के लिए वित्तीय सहयोग प्रदान करती है, जिससे फसल उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है।
• ‘मुख्यमंत्री पशुधन समृद्धि योजना’ देश के सबसे अधिक प्रोत्साहन योजनाओं में से एक है, जिससे पशु पालकों की आय में वृद्धि हो रही है।
ये उल्लेखनीय पहल सिक्किम के विकास को बढ़ावा देने में हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
मेरे प्यारे भाइयों एवं बहनों
स्वास्थ्य क्षेत्र में, सिक्किम राष्ट्रीय औसत दर से गुणात्मक रूप से आगे है, जैसे संस्थागत जन्म, पूर्ण टीकाकरण, शिशु मृत्यु दर आदि। इसके अलावा, मेरी सरकार ने राज्य के STNM अस्पताल सहित सभी जिलों के स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को महत्वपूर्ण रूप से उन्नत किया है, जिससे हमारे नागरिक स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर लाभ उठा रहे हैं।
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सुविधा योजना और मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता योजना के माध्यम से लोगों को वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे अधिकाधिक लोग लाभान्वित हो रहे हैं। हालाँकि इन सराहनीय उपलब्धियों के साथ- साथ हमारे सामने कई चुनौतियाँ भी हैं जैसे राज्य की कुल प्रजनन दर गिरकर 1.1 हो गई है, जो 2.1 के प्रतिस्थापन स्तर से काफी नीचे है। निश्चित रूप से यह आंकड़े चिंताजनक हैं।
सिक्किम में बढ़ती सी-सेक्शन दरों सहित देर से विवाह करने और संबंधित स्वास्थ्य मुद्दे चिंतनीय विषय हैं। इन चुनौतियों से निपटने और स्वास्थ्य क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं, यह कार्य मेरी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मेरे प्यारे नागरिकों,
कृषि और संबद्ध क्षेत्रों में उत्पादकता और स्थिरता बढ़ाने के लिए हमने नवीन कृषि-पद्धति की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है। इसी कड़ी में, ‘प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना’ के तहत हमारे राज्य के किसान लाभान्वित हो रहे हैं।
मेरे प्यारे सिक्किमवासियों,
मेरी सरकार की रणनीतिक पहल और निवेश के परिणामस्वरूप, सिक्किम भारत में एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में उभर रहा है। स्वदेश दर्शन योजना को लागू करने में सिक्किम को शीर्ष रैंकिंग प्राप्त है। जिसे मार्च, 2020 में पर्यटन मंत्रालय द्वारा विशेष मान्यता प्रदान की गई । इसके अतिरिक्त, सिक्किम ने अप्रैल, 2022 में नागरिक उड्डयन मंत्रालय की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना के तहत सबसे सक्रिय राज्य होने की प्रशंसा भी अर्जित की है।
यह अत्यंत प्रसन्नता की बात है कि सिक्किम ने 2022-23 में लगभग 2 मिलियन पर्यटकों का स्वागत किया है, जो 2015 के अनुपात में कहीं अधिक है। यह सिक्किम राज्य के प्रति पर्यटकों की अभिरुचि को दर्शाता है। इसके अलावा, रोमांचकारी पर्यटन के विकास में भारी निवेश, बुनियादी ढांचे में सुधार और कई थीम-आधारित परियोजनाएं भी हैं, जो सिक्किम के पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में लाभकारी सिद्ध हो रही हैं। पर्यटन क्षेत्र में ये व्यापक प्रयास घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करने और सिक्किम को शीर्ष पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने की दिशा में हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
मेरे प्यारे नागरिकों,
मेरी सरकार की अटूट प्रतिबद्धता है कि राज्य के प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित और किफायती आवास के साथ सम्मानजनक जीवन मिले, इसके लिए आवास और शहरी विकास में कई प्रभावशाली पहल शुरू की गई हैं। इसके अंतर्गत, ‘ सिक्किम शहरी गरीब आवास योजना’, ‘बेघर परिवारों के लिए आश्रय’, सिक्किम गरीब आवास योजना’ और प्रधानमंत्री आवास योजना उल्लेखनीय है।
मेरे प्यारे नागरिकों,
ग्रामीण सड़क कनेक्टिविटी हेतु मेरी सरकार सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। इसके अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के माध्यम से हमने दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों को सफलतापूर्वक जोड़ा है। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण अर्थव्यवस्था के नए अवसर खुले हैं। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी ने स्कूलों, अस्पतालों, ग्रामीण बाजारों, पर्यटन स्थलों और सरकारी कार्यालयों जैसी आवश्यक सेवाओं तक हमारी पहुंच आसान कर दी है। इससे ग्रामीण जीवन-स्तर में काफी हद तक सुधार हुआ है।
मेरे प्यारे नागरिकों,
सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना मेरी सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है। जल जीवन मिशन और अटल शहरी कायाकल्प और परिवर्तन मिशन के माध्यम से हमने महत्वपूर्ण प्रगति की है। हमने एक ब्लॉक को हर घर जल ब्लॉक, 42 ग्राम पंचायतों को हर घर जल पंचायत, 111 गांवों को हर घर जल गांव और 1,652 गांवों को हर घर जल बस्तियों के रूप में नामित किया है। हम यह सुनिश्चित करने के लिए समर्पित हैं कि ग्रामीण और शहरी दोनों ही स्थानों में, हर घर में पाइप से साफ़ और सुरक्षित पेय जल पहुंचे।
मेरे प्यारे साथियों !
ग्रामीण स्वच्छता हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सिक्किम को पहले ODF प्लस मॉडल राज्य के रूप में मान्यता एक स्वच्छ वातावरण को रेखांकित करता है। स्वच्छता हमारे लोगों के जीवन का महत्वपूर्ण अंग है, इसे देखते हुए मेरी सरकार प्राप्त उपलब्धियों को बनाए रखने और इसे आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मेरे प्यारे नागरिकों ,
सिक्किम राज्य कई महत्वपूर्ण नागरिक सुविधाओं को प्रदान करने में आगे है। अठहत्तरवें NSSO सर्वेक्षण के अनुसार, हम राष्ट्रीय औसत दर से कई प्रमुख क्षेत्रों में आगे हैं: जैसे जल पहुंच, स्वच्छता, ऊर्जा, बैंक पहुँच, कम ऋणग्रस्तता आदि।
हमारा दृष्टिकोण विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय लक्ष्य के साथ संकल्पित है। इसका लक्ष्य भारत के स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण होने तक देश को विकसित देशों की श्रेणी में पहुंचाना है। यह दृष्टिकोण चार प्रमुख स्तंभों पर आधारित है: आर्थिक विकास, पर्यावरणीय स्थिरता, सामाजिक प्रगति और सुशासन। इस दृष्टिकोण के साथ कदम मिलाते हुए, मेरी सरकार ने आर्थिक तेजी के लिए पांच महत्वपूर्ण क्षेत्रों की पहचान की है। हम लक्षित कौशल विकास कार्यक्रमों और रोजगार पहलों के माध्यम से युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
सिक्किम को स्वास्थ्य देखभाल और कल्याण केंद्र के रूप में विकसित करना एक बड़ी प्राथमिकता है, विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे की स्थापना के लिए हमें बढ़ते फार्मास्युटिकल उद्योगों से लाभ उठाना है। हम उत्पादकता और आर्थिक स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए नवीन कृषि पद्धतियों और खाद्य प्रसंस्करण में निवेश कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, पर्यटन को बढ़ावा देने और सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को समर्थन देने से हमारी अर्थव्यवस्था में विविधता और विकास के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। सड़कों, जल आपूर्ति और सार्वजनिक सेवाओं सहित नागरिक सुविधाओं और सामाजिक बुनियादी ढांचे में सुधार करना हमारी प्राथमिकता है।
इसके अतिरिक्त, मेरी सरकार पर्यटन, सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा, वन, सामाजिक सुरक्षा और समग्र विकास , इन महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करके विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मेरे प्यारे सिक्किमवासियों,
युवाओं को सशक्त बनाने और हमारे प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता है। जैसा कि हम “सुनौलो सिक्किम, समृद्ध सिक्किम, समर्थ सिक्किम” के दृष्टिकोण के साथ काम कर रहे हैं, हमें अपने राज्य में मादक पदार्थों के सेवन के खतरे से भी निपटना होगा। इसके समाधान में, हमने नशा मुक्त सिक्किम अभियान शुरू किया है, जो इस संकट से निपटने के लिए बनाई गई एक व्यापक रणनीति है। इस चुनौती से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति, परिवार, राज्य सरकार और समग्र रूप से समाज के सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है। मैं समाज के प्रत्येक सदस्य, विशेषकर माताओं से सक्रिय रूप से भाग लेने और किसी भी संदिग्ध गतिविधियों की रिपोर्ट करने का आग्रह करता हूं। एक सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण बनाने के लिए आपकी ज़िम्मेदारी और सतर्कता अति आवश्यक है।
आइए, हम नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एकजुट हों और नशा मुक्त सिक्किम के लिए प्रतिबद्ध हों। साथ मिलकर हम इस मुद्दे का समाधान करते हुए अपने राज्य और युवाओं के लिए एक उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें। मैं राज्य में उपलब्ध सभी संसाधनों से इस मुद्दे से निपटने का समर्थन करता हूँ।
हम लगातार वर्तमान चुनौतियों से निपटते हुए भविष्य के अवसरों की ओर आगे बढ़ रहे हैं। आइए, हम विकसित भारत और विकसित सिक्किम के प्रति एकजुट हों। मुझे विश्वास है, हम साथ मिलकर अपनी आकांक्षाओं को वास्तविकता में बदल सकते हैं।
अंत में, मैं राज्य मेधावी पुरस्कार विजेताओं को हार्दिक बधाई देता हूं। आपकी कड़ी मेहनत समर्पण, उत्कृष्टता और दृढ़ता का उदाहरण है। आपकी उपलब्धियाँ न केवल व्यक्तिगत प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। राज्य और देश की प्रगति एवं विकास में आपका महत्वपूर्ण योगदान युवा वर्ग के लिए प्रेरणा है।
हम आज उन महान लोगों के त्याग और समर्पण का सम्मान कर रहे हैं, जिन्होंने हमारे स्वतंत्रता के मार्ग को प्रशस्त किया है। आइए, हम एक समृद्ध और समावेशी भविष्य के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता को नवीनीकृत करें। अपने अटूट संकल्प और उद्देश्य के साथ, एकजुट होकर स्वतंत्रता, समानता और न्याय के मूल्यों को बनाए रखना जारी रखें।
आइये हम संकल्प लें कि यह अवसर हम सभी के एकजुट होने, विविधता को अपनाने और राष्ट्र की प्रगति और उन्नति में योगदान देने हेतु हमें प्रेरित करे। हम सब संकल्प लेते हैं कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य प्राप्ति में एक साथ मिलकर हम भारत को परम वैभव के शिखर तक पहुंचाएंगे।
इसी कामना के साथ मैं पुनः आप सबको स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूँ!
जय हिन्द! जय सिक्किम!