Close

    15.08.2026 : 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर लोकभवन, सिक्किम की ओर से ‘एट होम समारोह’ का आयोजन किया गया |

    Publish Date : August 15, 2026

    80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर लोकभवन, सिक्किम की ओर से ‘एट होम समारोह’ का आयोजन किया गया, जिसमें सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सिक्किम के माननीय मुख्यमंत्री श्री प्रेम सिंह तामांग की गरिमामय उपस्थिति रही।

    समारोह में माननीय मंत्रीगण, उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, केंद्र एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, 17 एवं 27 माउंटेन डिविजन के जीओसी, राज्य एवं राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त व्यक्तित्व, विभिन्न संघ–संस्थानों के प्रतिनिधिगण, प्रगतिशील किसान, हस्तशिल्पकार सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम का शुभारंभ राजभवन के सचिव श्री जितेंद्र सिंह राजे के स्वागत संबोधन से हुआ, जिसमें उन्होंने सभी अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया।

    इस अवसर पर दो पुस्तकों का विमोचन किया गया जिसमें माननीय राज्यपाल महोदय के विभिन्न अवसरों पर दिए गए संभाषणों, उद्बोधनों और विचारों का संकलन “विचार और दृष्टि” पुस्तक के रूप में प्रस्तुत किया गया। यह कृति राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, युवाओं, संस्कृति, सामाजिक सरोकारों, विकास और जनसेवा जैसे विषयों पर माननीय राज्यपाल महोदय के चिंतन और दृष्टिकोण की झलक देती है। पुस्तक के प्रधान संपादक एवं माननीय राज्यपाल महोदय के वरिष्ठ निजी सचिव श्री रतीश चतुर्वेदी हैं, जिनकी अविचल प्रतिबद्धता और संपादकीय दृष्टि इस संकलन को आकार देने में महत्वपूर्ण रही है।

    साथ ही इस अवसर पर “छत्र” नामक जीवनी का विमोचन भी किया गया। इसके लेखक श्री गिरधारी लाल मीना , जो वर्तमान में शहरी विकास विभाग में संयुक्त सचिव के रूप में कार्यरत हैं, ने अपने पिता के जीवन संघर्ष और प्रेरणादायी यात्रा को इस पुस्तक में संवेदनशीलता से प्रस्तुत किया है। “छत्र” केवल एक पिता की जीवनी नहीं, बल्कि किसान परिवार के संघर्ष, सपनों और जिजीविषा की मार्मिक गाथा है।

    इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक कार्यक्रम में सिक्किम विश्वविद्यालय के संगीत विभाग के कलाकारों ने राष्ट्रभक्ति की भावनाओं से ओतप्रोत प्रस्तुतियाँ दीं। इसके अतिरिक्त लोकभवन सिक्किम के नन्हें कलाकार ने विकसित भारत @2047 की थीम पर प्रस्तुति दी, जिसने सभी के हृदय को स्पर्श किया।

    अतिथियों के सम्मान में राजभवन द्वारा हाई टी का आयोजन किया गया, जिसका सभी ने मिलकर आनंद लिया।