18.09.2026 : माननीय राज्यपाल ने किया ‘हेलन लेप्चा सिक्किम गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज’ के प्रथम शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ; सिक्किम के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय
माननीय राज्यपाल ने किया ‘हेलन लेप्चा सिक्किम गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज’ के प्रथम शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ; सिक्किम के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय
आज सिक्किम राज्य के पहले सरकारी मेडिकल कॉलेज “हेलन लेप्चा सिक्किम गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज” के प्रथम शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री श्री प्रेम सिंह तामांग भी गरिमामय रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में राज्य सरकार के माननीय मंत्रीगण, विधायकगण, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, मेडिकल कॉलेज के डीन एवं संकाय सदस्य, नवप्रवेशित छात्र-छात्राएँ तथा उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में माननीय राज्यपाल ने माननीय मुख्यमंत्री के साथ सोकेथांग स्थित नवनिर्मित “हेलन लेप्चा सिक्किम गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज” परिसर का दौरा किया और शैक्षणिक सत्र की तैयारियों का अवलोकन किया। इस अवसर पर महान स्वतंत्रता सेनानी हेलन लेप्चा, जिनके नाम पर संस्थान का नामकरण किया गया है, की आदमकद प्रतिमा तथा मेडिकल कॉलेज के आधिकारिक लोगो का अनावरण भी किया गया।
निरीक्षण और अनावरण कार्यक्रम के पश्चात मुख्य समारोह मनन केंद्र में आयोजित किया गया। यहाँ मेडिकल कॉलेज के प्रथम बैच के छात्रों के लिए व्हाइट-कोट सेरेमनी का आयोजन किया गया, जिसमें माननीय राज्यपाल ने नवप्रवेशित छात्रों को व्हाइट-कोट प्रदान किया। इसी क्रम में शपथ ग्रहण समारोह भी संपन्न हुआ।
समारोह को संबोधित करते हुए माननीय राज्यपाल ने इस उपलब्धि को व्यक्तिगत रूप से हर्ष का विषय बताते हुए सिक्किम सरकार के अथक प्रयासों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य में सरकारी मेडिकल कॉलेज की स्थापना चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत है। इस संस्थान के माध्यम से छात्र-छात्राओं को राज्य के भीतर ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा उद्घाटित इस संस्थान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक कदम माननीय प्रधानमंत्री जी के “विकसित भारत @2047” के संकल्प तथा विशेष रूप से पूर्वोत्तर को देश के विकास का नया इंजन बनाने की दृष्टि को साकार करता है।
संस्थान के नामकरण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए माननीय राज्यपाल ने कहा कि यह नामकरण नारी शक्ति के प्रति सर्वोच्च सम्मान का प्रतीक है, जिसके लिए सिक्किम पूरे देश में विख्यात है। सिक्किम की भूमि सदैव महिलाओं के सशक्तिकरण, स्वाभिमान और समाज निर्माण में उनकी अग्रणी भूमिका की साक्षी रही है।
राज्यपाल महोदय ने मेडिकल कॉलेज के प्रथम बैच के सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए भावी डॉक्टरों से पूर्ण निष्ठा, मानवीय मूल्यों और सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पहला बैच जैसे मूल्य स्थापित करेगा, आने वाली पीढ़ियाँ उसी का अनुसरण करेंगी। अतः अच्छे आचरण और मानवीय मूल्यों को स्थापित करना आवश्यक है।
शिक्षण संकाय से उन्होंने आग्रह किया कि वे छात्रों को केवल डॉक्टर ही न बनाएं, बल्कि उनमें नैतिकता, संवेदनशीलता और समाज के प्रति जवाबदेही की मज़बूत नींव भी स्थापित करें।