19.06.2025 : आज सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर से सिक्किम केंद्रीय विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति श्री अभिजीत दत्ता ने राजभवन में शिष्टाचार भेंट की।
आज सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर से सिक्किम केंद्रीय विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति श्री अभिजीत दत्ता ने राजभवन में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उनके साथ कुलसचिव प्रो. लक्ष्मण शर्मा, वित्त अधिकारी श्री एस. एस. महापात्रा तथा हिंदी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. प्रदीप त्रिपाठी भी उपस्थित थे।
भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के यांगयांग स्थित स्थायी परिसर के निर्माण कार्य की वर्तमान प्रगति से राज्यपाल महोदय को अवगत कराया और आगामी निर्माण से संबंधित कुछ प्रमुख विषयों पर चर्चा की। उन्होंने राज्यपाल महोदय से अनुरोध किया कि वे इस विषय को केंद्र सरकार तक पहुँचाने में सहयोग करें ताकि निर्माण कार्य में गति लाई जा सके।
प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय की वर्तमान शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत उठाए गए कदमों की भी विस्तार से जानकारी दी।
राज्यपाल महोदय ने प्रतिनिधिमंडल को विश्वविद्यालय के हित में आवश्यक पहल करने हेतु आश्वस्त किया है।