19.11.2026 : सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री दुष्यन्त गौतम का पाक्योंग जिले का प्रथम आधिकारिक दौरा संपन्न
सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री दुष्यन्त गौतम ने आज पाक्योंग जिले का अपना प्रथम आधिकारिक दौरा किया। इस अवसर पर सिक्किम की प्रथम महिला श्रीमती लक्ष्मी गौतम भी उपस्थित रहीं। दौरे के दौरान माननीय राज्यपाल ने आईसीएआर-राष्ट्रीय ऑर्किड अनुसंधान केंद्र, पाक्योंग का भ्रमण किया, ऑर्किड फार्म का अवलोकन किया और जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक कार्यों तथा विभागीय गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की।
आईसीएआर-राष्ट्रीय ऑर्किड अनुसंधान केंद्र, पाक्योंग परिसर पहुंचने पर माननीय राज्यपाल का स्वागत किया गया और उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ प्रदान किया गया।
इसके पश्चात राज्यपाल महोदय ने परिसर में पौधारोपण किया।
माननीय राज्यपाल ने ऑर्किड फार्म का भ्रमण करते हुए ऑर्किड क्षेत्र से जुड़ी प्रदर्शनी, जीवंत प्रदर्शनों और विभिन्न स्टॉलों का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें जानकारी दी गई कि सिक्किम की जैव-विविधता के अंतर्गत प्रदेश 800 से अधिक प्राकृतिक ऑर्किड प्रजातियों से समृद्ध है। उन्होंने दुर्लभ ऑर्किड फार्म में संरक्षित विभिन्न प्रजातियों को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। फार्म के अवलोकन के दौरान उन्होंने ऑर्किड के उपयोग से बनाए गए स्मृति चिह्नों का भी निरीक्षण किया और इस क्षेत्र में मौजूद अपार व्यावसायिक संभावनाओं को देखते हुए इनके अधिक उत्पादन, मूल्य संवर्धन तथा बेहतर मार्केटिंग के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
ऑर्किड फार्म के भ्रमण के दौरान माननीय राज्यपाल ने महिला ऑर्किड किसानों से संवाद किया। उन्होंने किसानों से ऑर्किड की खेती की तकनीकी प्रक्रिया, फूल खिलने के मौसम, उसकी अवधि, इससे होने वाली आय तथा इस व्यवसाय में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली और आत्मनिर्भरता की दिशा में उनके प्रयासों का उत्साहवर्धन किया।
इसके उपरांत सम्मेलन कक्ष में आयोजित आधिकारिक बैठक में माननीय राज्यपाल ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संवाद किया। स्वागत एवं संक्षिप्त परिचय के पश्चात जिले के कई प्रमुख विभागों द्वारा अपनी गतिविधियों और योजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुतियाँ दी गईं। इस दौरान राज्यपाल महोदय ने जिले में चल रही विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की प्रगति, अब तक पूर्ण हुए कार्यों, लंबित परियोजनाओं, भावी कार्ययोजनाओं तथा जमीनी स्तर की चुनौतियों का जायजा लिया।
बैठक में जिन प्रमुख विभागों एवं पहलों की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, उनमें ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत वीवीजी-रामजी (VVG-RAMJI), स्वच्छ भारत मिशन (SBM) तथा ई-कचरा प्रबंधन से जुड़े कार्यों की स्थिति पर प्रकाश डाला गया।
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं और शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए माननीय राज्यपाल ने विशेष रूप से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जिले में नशीली दवाओं की समस्या तथा इसकी रोकथाम एवं जागरूकता की दिशा में उठाए जा रहे ठोस कदमों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। वहीं, किसानों के कल्याण और फसल उत्पादन से जुड़ी योजनाओं के बारे में कृषि एवं बागवानी विभाग द्वारा जानकारी प्रदान की गई, जिसके अंतर्गत माननीय राज्यपाल ने कई केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा की।
इस दौरान एनएचआईडीसीएल (NHIDCL) द्वारा जिले में सड़क संपर्क और बुनियादी ढांचे के विकास पर जानकारी दी गई। साथ ही, ‘सिक्किम इंस्पायर्स’ जिला पहल के अंतर्गत जिले में कौशल विकास और नवाचार से जुड़े विशेष कार्यक्रमों से भी अवगत कराया गया।
माननीय राज्यपाल ने सभी विभागों से विचार-विमर्श करते हुए राज्य और केन्द्र की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुंचाने तथा जिले के समग्र विकास के लिए समन्वित प्रयास करने का निर्देश दिया।
इस पूरे कार्यक्रम के दौरान जिला उपाध्यक्ष श्रीमती प्रभा प्रधान, पाक्योंग की जिलाधिकारी सुश्री परी बिश्नोई, पाक्योंग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री छीरिंगशेरपा,अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री पुलकित, अतिरिक्त जिला कलेक्टर(विकास) थैन्डुप लेप्चा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।