21.11.2026 : सिक्किम के माननीय राज्यपाल ने आज ‘योनेक्स-सनराइज 49वीं इंटर-स्टेट एवं इंटर-जोनल जूनियर नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026’ के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री दुष्यन्त गौतम ने आज गंगटोक के पालजोर स्टेडियम परिसर स्थित इंडोर बैडमिंटन हॉल में आयोजित ‘योनेक्स-सनराइज 49वीं इंटर-स्टेट एवं इंटर-जोनल जूनियर नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026’ के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर माननीय राज्यपाल तथा राज्य की प्रथम महिला श्रीमती लक्ष्मी गौतम का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया।
इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप की मेजबानी पहली बार सिक्किम द्वारा की गई, जिसमें 28 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों की 33 टीमों के लगभग 500 युवा खिलाड़ियों ने भाग लिया।
समापन अवसर पर माननीय राज्यपाल ने टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के साक्षी बने और खिलाड़ियों के खेल कौशल व समर्पण की सराहना की। उन्होंने सभी फाइनलिस्ट खिलाड़ियों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन किया और अपनी शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर माननीय राज्यपाल द्वारा देश का गौरव बढ़ाने वाली प्रमुख खेल हस्तियों को सम्मानित भी किया गया, जिनमें ओलंपियन तीरंदाज तरुणदीप राई तीरंदाज धीरज बोम्मादेवरा, एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता, विश्व चैंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित तीरंदाज ओजस देवताले (वर्ल्ड नंबर 2 व इंडिया नंबर 1), तथा एशियाई खेलों की तीसरी बार स्वर्ण पदक विजेता एवं विश्व चैंपियन सिमरनजीत कौर शामिल रहीं।
माननीय राज्यपाल ने इस आयोजन के लिए बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया तथा बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ सिक्किम के प्रयासों की सराहना की। उल्लेखनीय है कि इस चैंपियनशिप ने राष्ट्रीय स्तर पर पहली बार सभी महिला चेयर अंपायरों के पैनल को शामिल कर भारतीय खेल इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
इस दौरान प्रतिभागी टीम के खिलाड़ियों को माननीय राज्यपाल द्वारा विजेता पदक एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।
समारोह में विधानसभा अध्यक्ष श्री मिंगमा नॉर्बु शेर्पा,शिक्षा एवं खेल एवं युवा मामले के माननीय मंत्री श्री राजू बस्नेत , जनप्रतिनिधिगण, राजनीतिक सलाहकार एवं बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ सिक्किम के अध्यक्ष श्री जैकब खालिंग सहित आयोजन समिति के सभी सदस्य, वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि, कोच, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।