24.11.2026 : श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर माननीय राज्यपाल श्री दुष्यन्त गौतम ने गंगटोक स्थित गुरुद्वारा साहिब में टेका मत्था; राज्य की शांति एवं खुशहाली की अरदास की
श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर माननीय राज्यपाल श्री दुष्यन्त गौतम ने गंगटोक स्थित गुरुद्वारा साहिब में टेका मत्था; राज्य की शांति एवं खुशहाली की अरदास की
सिख धर्म के प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री दुष्यन्त गौतम ने आज गंगटोक स्थित गुरुद्वारा साहिब का दौरा किया। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला श्रीमती लक्ष्मी गौतम भी उपस्थित रहीं।
माननीय राज्यपाल एवं राज्य की प्रथम महिला ने गुरुद्वारा साहिब में गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष श्रद्धापूर्वक मत्था टेका और शबद-कीर्तन का श्रवण किया। उन्होंने वाहेगुरु जी से सिक्किम राज्य के निरंतर विकास, आपसी भाईचारे, शांति और समस्त राज्यवासियों के सुख-समृद्धि के लिए अरदास की।
इस दौरान माननीय राज्यपाल ने गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं वहां बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं से भेंट की और सभी को प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।