26.01.2026 : सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने आज 77वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में पालजोर स्टेडियम, गंगटोक में आयोजित भव्य समारोह में गरिमामय उपस्थिति दर्ज की।
सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने आज 77वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में पालजोर स्टेडियम, गंगटोक में आयोजित भव्य समारोह में गरिमामय उपस्थिति दर्ज की।
इस दौरान सिक्किम के माननीय मुख्यमंत्री श्री प्रेम सिंह तामांग की भी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान माननीय राज्यपाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, राष्ट्रीय सलामी दी गई और राष्ट्रगान की गूंज के साथ पूरे वातावरण में देशभक्ति का भाव उमड़ पड़ा।
राज्यपाल महोदय ने परेड का निरीक्षण किया। इस परेड में आईटीबीपी, एसएसबी, अरुणाचल प्रदेश की अतिथि टुकड़ी, सिक्किम सशस्त्र पुलिस, भारत रिजर्व बटालियन, सिक्किम पुलिस (पुरुष एवं महिला), वन विभाग, होम गार्ड्स, एनसीसी तथा पुलिस बैंड की टुकड़ियाँ शामिल थीं।
अपने संबोधन में माननीय राज्यपाल ने संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने सिक्किमवासियों से आग्रह किया कि वे मिलकर राज्य और राष्ट्र को प्रगति की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएँ तथा “सुनौलो, समृद्ध अनि समर्थ सिक्किम” के साथ विकसित भारत के सपनों को साकार करने में योगदान दें। इस दौरान उन्होंने राज्य की विकासात्मक योजनाओं और क्रियान्वयनाधीन परियोजनाओं पर भी प्रकाश डाला और सभी पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को हार्दिक बधाई दी।
इसके उपरांत पुरस्कार एवं पदक वितरण का क्रम संपन्न हुआ, जिसमें मार्च पास्ट ट्रॉफी, सर्वोत्तम जीवन रक्षक पदक, सिक्किम राज्य सेवा पुरस्कार, युद्ध वीर सम्मान, गृह मंत्रालय की संप्रेषणिका तथा प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में नवाचारों की दिशा में “मेरो अलैची, मेरो धन”, “मेरो स्कूल, मेरो अभियान”, स्थानीय प्रेरणा से निर्मित तीन फ्लेवर की प्रीमियम डार्क चॉकलेट तथा “उन्नयन सर्वेक्षण-2022” रिपोर्ट का विमोचन भी किया गया।
आज के कार्यक्रम में माननीय राज्यपाल एवं माननीय मुख्यमंत्री ने जनसमुदाय के साथ सेना के उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में गटका, आर्मी मार्शल आर्ट्स रूटीन तथा कलारीपयट्टु तथा फ्लिकर डांस अकादमी की रोमांचक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर सिक्किम सरकार के मंत्री परिषद, विधायकगण, सलाहकार, चेयरमैन, पुलिस महानिदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा भारी संख्या में उपस्थित जनसमुदाय की उपस्थिति रही।