26.3.2025 : सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने आज सिक्किम की ग्यारहवीं विधानसभा के द्वितीय सत्र के (भाग III ) बजट सत्र 2025-26 को संबोधित किया |
सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने आज सिक्किम की ग्यारहवीं विधानसभा के द्वितीय सत्र के (भाग III ) बजट सत्र 2025-26 को संबोधित किया जिसमें राज्य की दीर्घकालिक विकास नीतियों के अनुरूप सतत विकास, आर्थिक मजबूती और सामाजिक प्रगति पर बल दिया गया।
विधानसभा को संबोधित करते हुए, राज्यपाल महोदय ने उन प्रमुख बजटीय प्रावधानों का उल्लेख किया जो आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सशक्तिकरण को बढ़ावा देंगे। इस बजट का उद्देश्य सिक्किम के समग्र विकास को सुनिश्चित करना है, जिसमें पर्यावरणीय स्थिरता और सभी समुदायों की समावेशी प्रगति पर विशेष ध्यान दिया गया है।
राज्यपाल महोदय ने कहा, “यह बजट आत्मनिर्भर और प्रगतिशील सिक्किम और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की हमारी दूरदृष्टि को दर्शाता है।
“पर्यटन,स्वरोजगार के विविध आयामों, हरित ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में रणनीतिक निवेश के माध्यम से, हम युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने और राज्य की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का प्रयास कर रहे हैं।”
बजट की मुख्य विशेषताओं में आधारभूत संरचना विकास को गति प्रदान करना, शिक्षा और कौशल विकास , उन्नत चिकित्सा सुविधाओं के साथ स्वास्थ्य सेवा सुधार ,
पर्यटन और सांस्कृतिक संरक्षण ईको-टूरिज्म, सिक्किम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना , हरित एवं सौर ऊर्जा को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना आदि शामिल रहा।
राज्यपाल महोदय ने इस बात पर जोर दिया कि बजट का उद्देश्य स्थिरता, आत्मनिर्भरता और समतामूलक विकास को बनाए रखना है, जिससे सिक्किम प्राकृतिक संतुलन बनाए रखते हुए समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ सके और राज्य के प्रत्येक नागरिक को इन योजनाओं का लाभ मिल सके।