28.11.2026 : राज्यपाल ने स्वर्ण जयंती मैत्रेय मंजरी ऑर्किडेरियम का किया भ्रमण, जैव-विविधता संरक्षण के प्रयासों की सराहना की
राज्यपाल दुष्यन्त गौतम ने स्वर्ण जयंती मैत्रेय मंजरी ऑर्किडेरियम का किया भ्रमण, जैव-विविधता संरक्षण के प्रयासों की सराहना की दुर्लभ ऑर्किड प्रजातियों के संरक्षण एवं वैज्ञानिक अनुसंधान को बताया महत्वपूर्ण;
सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री दुष्यन्त गौतम ने आज गंगटोक के रिज पार्क स्थित ‘स्वर्ण जयंती मैत्रेय मंजरी’ परिसर में स्थापित अत्याधुनिक ऑर्किडेरियम का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने यहां संरक्षित दुर्लभ एवं स्वदेशी ऑर्किड प्रजातियों का अवलोकन किया तथा सिक्किम की समृद्ध पुष्प संपदा और जैव-विविधता के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
राज्यपाल महोदय ने कहा कि सिक्किम प्राकृतिक संपदा और दुर्लभ वनस्पतियों की दृष्टि से देश के विशिष्ट राज्यों में से एक है। यहां की समृद्ध जैव-विविधता न केवल राज्य की प्राकृतिक पहचान है, बल्कि देश की पर्यावरणीय धरोहर भी है। ऐसे में दुर्लभ वनस्पतियों, विशेषकर ऑर्किड प्रजातियों का संरक्षण, वैज्ञानिक अध्ययन एवं संवर्धन अत्यंत महत्वपूर्ण है।
ऑर्किडेरियम पहुंचने पर शहरी विकास विभाग के आयुक्त-सह-सचिव एवं माननीय राज्यपाल के सचिव श्री जितेंद्र सिंह राजे ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर गंगटोक नगर निगम की महापौर श्रीमती छिरिंग पाल्देन भूटिया भी उपस्थित रहीं।
भ्रमण के दौरान गंगटोक नगर निगम के आयुक्त श्री गैडेन छोपेल भूटिया ने राज्यपाल महोदय को ऑर्किडेरियम की स्थापना, इसकी वास्तुकला, आधुनिक सुविधाओं एवं संचालन व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अत्याधुनिक ‘कूल हाउस’ ऑर्किडेरियम नियंत्रित जलवायु एवं तापमान प्रणाली से सुसज्जित है, जिसके माध्यम से विभिन्न ऑर्किड प्रजातियों के अनुकूल वातावरण बनाए रखा जाता है। इससे दुर्लभ एवं संवेदनशील ऑर्किड प्रजातियों के संरक्षण और संवर्धन में सहायता मिलती है।
इस अवसर पर आईसीएआर-राष्ट्रीय ऑर्किड अनुसंधान केंद्र, पाकयोंग के निदेशक डॉ. दास ने राज्यपाल महोदय को यहां संरक्षित विभिन्न स्वदेशी एवं दुर्लभ ऑर्किड प्रजातियों की विशेषताओं के साथ-साथ उनके वैज्ञानिक संरक्षण, अनुसंधान एवं संवर्धन से संबंधित गतिविधियों की जानकारी दी।
ऑर्किडेरियम के भ्रमण के पश्चात अपने अनुभव साझा करते हुए राज्यपाल महोदय ने कहा कि इस केंद्र में प्रकृति की अद्भुत सुंदरता और दुर्लभ जैव-विविधता को करीब से देखने का सुखद अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि दुर्लभ ऑर्किड प्रजातियों का संरक्षण केवल वनस्पतियों को सुरक्षित रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है।
राज्यपाल महोदय ने इस केंद्र के निर्माण, रखरखाव एवं संरक्षण कार्यों में जुटे अधिकारियों, वैज्ञानिकों और कर्मचारियों के समर्पण की सराहना करते हुए उनके प्रयासों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संस्थान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ वैज्ञानिक अनुसंधान एवं प्रकृति आधारित पर्यटन को भी प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
राज्यपाल महोदय ने ऑर्किडेरियम को देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण केंद्र के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उन्होंने राज्य स्थापना की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा व्यक्त विचारों एवं दिए गए मार्गदर्शन को आगे बढ़ाते हुए इस केंद्र के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि सुनियोजित प्रचार-प्रसार और पर्यटन की दृष्टि से इसे और अधिक विकसित करने के प्रयासों से ऑर्किडेरियम को राज्य के एक प्रमुख पर्यटन आकर्षण के रूप में स्थापित किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 28 अप्रैल, 2026 को अपने सिक्किम दौरे के दौरान इस ऑर्किडेरियम का भ्रमण किया था। इस अवसर पर उन्होंने इसकी सुंदरता और सिक्किम की समृद्ध जैव-विविधता की सराहना करते हुए प्रकृति संरक्षण एवं सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के महत्व पर बल दिया था।
इसके अतिरिक्त, माननीया राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू और माननीय उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन भी पूर्व में इस केंद्र का दौरा कर चुके हैं।