11.04.2025 : माननीय राज्यपाल का पाकयोंग जिला का दौरा |
आज सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने पाकयोंग जिला अंतर्गत विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा किया। इस दौरे के दौरान राज्य के माननीय शिक्षा मंत्री श्री राजू बस्नेत, जिला कलेक्टर श्री रोहन अंगवाड़े, पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त जिलापाल, और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान माननीय राज्यपाल ने जिला समन्वय बैठक में भाग लिया। यह बैठक रुर्बन कॉम्प्लेक्स, पाकयोंग में आयोजित की गई थी, जिसमें राज्यपाल महोदय ने केंद्र और राज्य की विभिन्न विकास परियोजनाओं और योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान शिक्षा, कृषि एवं बागवानी, विद्युत, स्वास्थ्य, और ग्रामीण विकास विभागों द्वारा पावर पॉइंट प्रस्तुतिकरण के माध्यम से योजनाओं की प्रगति पर प्रकाश डाला गया। राज्यपाल महोदय ने इन योजनाओं की समीक्षा की और विकास कार्यों को अधिक तेज़ी से पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में चर्चा के अंतर्गत स्वास्थ्य योजनाएँ जैसे कि टीबी मुक्त सिक्किम, आत्महत्या और ड्रग्स से संबंधित मुद्दों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए समाज के हर नागरिक को जागरूक होने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त, स्कूलों में पीने के पानी की व्यवस्था, ड्रॉपआउट की समस्या, किसान विज्ञान केंद्र की स्थापना, आदि पर भी चर्चा हुई। इस दौरान सिक्किम के एकमात्र हवाई अड्डे से जुड़ी चुनौतियों पर भी व्यापक रूप से विचार किया गया।
बैठक में राज्यपाल महोदय ने उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दें, उनके साथ संवाद स्थापित करें, और समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहें। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर नागरिक तक पहुँचना चाहिए।
इस दौरे के दौरान, राज्यपाल महोदय ने स्थानीय किसान श्री धनपति सापकोटा के कृषि फार्म का भी दौरा किया। उन्होंने किसानों के प्रयासों की सराहना की और संबंधित अधिकारियों से किसानों को अधिक सक्रिय सहायता प्रदान करने पर जोर दिया।
इसके अलावा, राज्यपाल महोदय ने इस दौरे के दौरान माननीय शिक्षा मंत्री सहित सिलाई यूनिट ‘सुई धागा’ का संचालन कर रही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से भी मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने इन महिलाओं द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने महिलाओं की चुनौतियों को ध्यान से सुना और उनके समाधान के लिए प्रशासन को सक्रिय भूमिका निभाने की सलाह दी। राज्यपाल महोदय ने कहा कि सिक्किम की महिलाएं अपने कार्यों और समाज के प्रति योगदान के लिए सम्पूर्ण देश के लिए एक प्रेरणा स्रोत हैं।
राज्यपाल महोदय ने यह भी कहा कि यह देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का “विकसित भारत” और “आत्मनिर्भर भारत” का जो सपना है, उसे ये महिलाएं अपने प्रयासों से साकार कर रही हैं। उन्होंने इस पहल को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इस प्रकार के प्रयासों को पूरे राज्य में फैलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।