16.10.2025 : सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने आज मंगन जिला प्रशासनिक केंद्र में आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में भाग लिया
सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने आज मंगन जिला प्रशासनिक केंद्र में आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में भाग लिया, जिसका उद्देश्य जिले में चल रही राज्य और केंद्रीय प्रायोजित योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति का मूल्यांकन करना था।
इस अवसर पर सामाजिक कल्याण विभाग के मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्री समडुप लेप्चा, चेयरमैन एस एम पी बी श्री सोनम ग्याछो लाचेनपा,
जिलाधिकारी श्री अनंत जैन, पुलिस अधीक्षक श्री एल.बी. छेत्री, सीमा सड़क संगठन (BRO) के कमांडर कर्नल बन्नाहाटी करन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी मंगन ने जिले की समग्र स्थिति पर एक विस्तृत प्रस्तुति दी। इसके पश्चात BRO द्वारा सड़क निर्माण की प्रगति पर जानकारी दी गई। राज्यपाल महोदय ने BRO से क्षेत्र की सड़क स्थिति पर विशेष चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने निर्माण कार्यों की जानकारी प्राप्त की।इस दौरान माननीय राज्यपाल ने BRO के कार्य की सराहना भी की।
राज्यपाल महोदय ने विशेष रूप से जिले के अंतर्गत आने वाले 42 वाइब्रेंट विलेज में चल रही विकास योजनाओं पर बल दिया। उन्होंने प्रत्येक गांव में प्रस्तावित परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा की और प्राकृतिक आपदाओं के सुचारू प्रबंधन हेतु बनाए गए “Ex-Gratia पोर्टल” की सराहना की, जिससे स्थानीय नागरिकों को सहायता प्राप्त हो रही है।
शिक्षा विभाग से चर्चा करते हुए माननीय राज्यपाल ने पीएम श्री स्कूलों की संख्या, एनसीसी की स्थिति, खेलकूद गतिविधियों और राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत बच्चों को केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के एक्सपोज़र टूर पर भेजने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में स्थित स्कूलों में एनसीसी की अनिवार्यता है, जिससे बच्चों में अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित होती है। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को समाज निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया और कहा कि गांवों के विकास में शिक्षक एक प्रेरक शक्ति हैं।
इसी क्रम में, स्वास्थ्य विभाग से चर्चा करते हुए माननीय राज्यपाल ने जिले में टीबी उन्मूलन अभियान की प्रगति, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत कार्ड धारकों की संख्या तथा उन लाभार्थियों की स्थिति की जानकारी ली जिन्हें अभी तक कार्ड उपलब्ध नहीं हो पाया है।
राज्यपाल महोदय ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने इस विषय पर विभागीय अधिकारियों से समाधान को प्राथमिकता देने की आवश्यकता बताई।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने जिले में कार्यरत मोबाइल स्वास्थ्य वैन की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और इसकी संख्या एवं पहुँच को बढ़ाने पर विशेष बल दिया, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में भी प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ हो सकें।
ग्रामीण विकास विभाग से माननीय राज्यपाल ने शुष्क मौसम में जल आपूर्ति की व्यवस्था तथा मनरेगा के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जल संरक्षण को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया।
सहकारिता विभाग से चर्चा करते हुए राज्यपाल महोदय ने जिले में दुग्ध उत्पादन में कमी के कारणों की जानकारी ली और याक के दूध से निर्मित उत्पादों को बढ़ावा देने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर आत्मनिर्भरता की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकते हैं।
पशुपालन विभाग से माननीय राज्यपाल ने अंगोरा खरगोश फार्म को पुनः स्थापित करने पर जोर दिया, जिससे स्थानीय लोगों को आय का स्रोत पुनः उपलब्ध हो सके।
राज्यपाल महोदय ने सभी विभागीय अधिकारियों से आग्रह किया कि वे जमीनी स्तर पर नागरिकों से संवाद स्थापित करें, उनकी समस्याओं को समझें और यह सुनिश्चित करें कि केंद्र सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुँचें। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ तभी है जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए राज्यपाल महोदय ने कहा कि 2014 के बाद देश ने अभूतपूर्व विकास की गति प्राप्त की है। पूर्वोत्तर क्षेत्र अब देश की मुख्यधारा से जुड़कर एक सशक्त विकास मॉडल बन रहा है, जिसमें सिक्किम की भूमिका महत्वपूर्ण है।
माननीय मंत्री ने राज्यपाल महोदय के मंगन जिले में आगमन पर हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने चुंगथांग उप-खंड को गोद लेने के लिए भी राज्यपाल के प्रति विशेष धन्यवाद प्रकट किया। ध्यातव्य है कि माननीय राज्यपाल द्वारा चुंगथांग उप-खंड को गोद लिया गया है, जहाँ वर्तमान में कई विकासात्मक कार्य सक्रिय रूप से संचालित हो रहे हैं।