20.10.2025 : 13,400 फीट पर भारत रणभूमि दर्शन स्थल पर मनी दीपावली: माननीय राज्यपाल ने डोकाला दर्रे पर जवानों संग मनाया दीपों का पर्व
13,400 फीट पर भारत रणभूमि दर्शन स्थल पर मनी दीपावली: माननीय राज्यपाल ने डोकाला दर्रे पर जवानों संग मनाया दीपों का पर्व
दीपावली के पावन अवसर पर सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने भारत-चीन सीमा पर 13,400 फीट की ऊंचाई पर स्थित डोकाला दर्रे पर तैनात भारतीय सेना के वीर जवानों के साथ दीपों का पर्व मनाया। इस दौरान ब्लैक कैट डिविजन के जीओसी, मेजर जनरल एम.एस. राठौर सहित भारतीय सेना के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे ।
डोकाला, जो 2017 के ऐतिहासिक सैन्य मुठभेड़ का साक्षी रहा है, को हाल ही में भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय द्वारा “रणभूमि दर्शन” के रूप में पर्यटन के लिए खोला गया है। यह स्थल भारतीय सेना के साहस, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। राज्यपाल महोदय के आगमन ने न केवल सैनिकों के मनोबल को ऊँचाई प्रदान की है, बल्कि राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को भी सम्मानित किया है।
इस दौरान राज्यपाल महोदय ने सैनिकों के साथ मिठाइयाँ बाँटी, उनके साथ संवाद किया और भारत माता की जय के नारों से वातावरण को गुंजायमान किया।
इस पर्व के अवसर पर माननीय राज्यपाल ने इच्छा जताई कि इस वर्ष की दीपावली सीमावर्ती क्षेत्र में तैनात वीर सैनिकों के साथ ही मनाएँगे। उन्होंने कहा कि हमारे जवान अपने घरों से दूर देश की सुरक्षा में सीमाओं पर अडिग खड़े हैं, ताकि हम अपने घरों में चैन से दीप जलाकर पर्व मना सकें।उनका समर्पण औऱ त्याग ही हमारी दीपावली की असली ज्योति है।
माननीय राज्यपाल ने डोकाला को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आने वाले पर्यटकों और युवाओं से विशेष आग्रह किया कि वे इस स्थल की यात्रा करें। उन्होंने कहा कि डोकाला जैसे ऐतिहासिक स्थल न केवल प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर हैं, बल्कि राष्ट्र की रक्षा में लगे वीरों की प्रेरक गाथा भी समेटे हुए हैं। यह स्थल आने वाली पीढ़ियों के लिए शौर्य और पराक्रम का जीवंत प्रमाण बना रहेगा।
इससे पूर्व राज्यपाल महोदय ने सेरेथांग हेलिपैड पर भी जवानों के साथ दीपावली मनाई। भारत माता की जय के नारों से गूंजते इस आयोजन में सैनिकों के साथ संवाद और उत्सव का भावनात्मक संगम देखने को मिला।
इसके अलावा, रास्ते में माननीय राज्यपाल ने डिचू गाँव में स्थानीय नागरिकों को मिठाइयाँ वितरित कीं। यह वही स्थान है जहाँ हाल ही में राज्यपाल महोदय के निर्देशन और भारतीय सेना के सहयोग से बिजली की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी।
इसके अतिरिक्त, आज राज्यपाल महोदय ने सीमावर्ती क्षेत्र में वाइब्रेंट विलेज योजना के अंतर्गत नाथांग जीपीयू का दौरा किया, जहाँ उन्होंने स्थानीय नागरिकों के साथ दीपावली की मिठाई वितरित की और शुभकामनाएं आदान-प्रदान की।