03.04.2026 : सिक्किम के माननीय राज्यपाल तीन दिवसीय मंगन जिला भ्रमण पर
सिक्किम के माननीय राज्यपाल तीन दिवसीय मंगन जिला भ्रमण पर
गोद लिए गए गांव के पुनर्निर्माण और विकास की दिशा में चुंगथांग जी.पी.यू. में जिम्नेजियम हॉल का किया उद्घाटन
सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने आज मंगन जिले के चुंगथांग ग्राम पंचायत इकाई में नवनिर्मित जिम्नेजियम हॉल का शुभारंभ किया। यह ग्राम पंचायत इकाई राज्यपाल महोदय द्वारा गोद लिया हुआ ग्राम पंचायत इकाई है।
2023 की विनाशकारी बाढ़ से पूरी तरह क्षतिग्रस्त चुंगथांग क्षेत्र के पुनर्निर्माण में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। गांव वालों ने लंबे समय से जिम्नेजियम हॉल के नवीनीकरण की मांग की थी। राज्यपाल महोदय ने उनकी इस मांग पर संज्ञान लिया और पूर्ण नवीनीकरण करवाकर इसे जनता को समर्पित किया। इस कार्य का वित्तीय प्रायोजन भी राज्यपाल कार्यालय द्वारा किया गया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए माननीय राज्यपाल ने कहा,
“चुंगथांग मेरे गोद लिए हुए गांव का हिस्सा है। मैंने वादा किया था कि इस क्षेत्र की कमियों को दूर किया जाएगा । 2023 की बाढ़ ने यहां के लोगों को बहुत नुकसान पहुंचाया था, लेकिन प्रशासन और लोगों के दृढ़ संकल्प से यहां पुनर्स्थापन का कार्य हो रहा है।
माननीय राज्यपाल ने कहा कि साथ मिलकर इस क्षेत्र को न केवल पहले से बेहतर बनाएंगे, बल्कि इसे एक मॉडल विकसित गांव के रूप में स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए यह जिम्नेजियम हॉल एक नई ऊर्जा का केंद्र बनेगा।
क्षेत्र विधायक एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के माननीय मंत्री श्री सामडुप लेप्चा ने राज्यपाल महोदय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गोद लिए गए गांव के प्रति राज्यपाल जी की प्रतिबद्धता अभिनंदनीय है। उन्होंने इस विकास कार्य को जनता की सेवा में एक अनुकरणीय कदम बताया।
ग्रामवासियों ने समारोह के दौरान कम्युनिटी हॉल की भी मांग रखी। राज्यपाल महोदय ने उनकी मांग को स्वीकार करते हुए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
इस अवसर पर मंगन के डीसी श्री अनंत जैन, पुलिस अधीक्षक श्री एल.बी. चेत्री, अन्य जिला अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा भारी संख्या में स्थानीय ग्रामवासी उपस्थित रहे।
ध्यातव्य हो कि चुंगथांग ग्राम पंचायत इकाई को राज्यपाल महोदय ने विशेष रूप से गोद लिया है ताकि 2023 की बाढ़ से प्रभावित इस क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके। जिम्नेजियम हॉल का उद्घाटन इसी दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम है।