Close

    06.04.2026 : सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने उत्तर सिक्किम में तारामचु ब्रिज क्षेत्र में हुए भूस्खलन के कारण पर्यटकों की सुरक्षा और वहाँ की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है।

    Publish Date : April 7, 2026

    सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने उत्तर सिक्किम में तारामचु ब्रिज क्षेत्र में हुए भूस्खलन के कारण पर्यटकों की सुरक्षा और वहाँ की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है।

    राज्यपाल महोदय कल तीन दिवसीय उत्तर सिक्किम यात्रा से लौटते समय रास्ते में ही तारामचु ब्रिज क्षेत्र में हुए भूस्खलन की जानकारी प्राप्त हुई। उन्होंने तुरंत संज्ञान लेते हुए उसी समय मंगन जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि तुरंत घटनास्थल पर जाकर वहाँ की स्थिति का जायजा लेकर सूचना दें।

    आज जिला कलेक्टर श्री अनंत जैन ने राज्यपाल महोदय को सारी विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि भारी बर्फबारी के कारण वैकल्पिक रास्ता डॉंकियाला-लाचुंग मार्ग भी अवरुद्ध हो गया है। इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन ने राहत कार्य शुरू कर दिए हैं और पर्यटकों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर काम किया जा रहा है।
    माननीय राज्यपाल को यह भी जानकारी मिली कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र के पास स्थानीय लोगों की मदद से एक अस्थायी पुल का निर्माण किया जाएगा, जिससे वहाँ फंसे पर्यटकों को शीघ्र निकाला जा सके और स्थानीय निवासियों तक आवश्यक राहत सामग्री पहुँचाई जा सके। जिला प्रशासन ने बताया कि सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से यातायात प्रभावित है, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई है।

    माननीय राज्यपाल ने अपनी गहरी चिंता व्यक्त करते हुए मंगन प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्यों में शीघ्रता से तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटकों को सुरक्षित रूप से वहाँ से निकालना तथा स्थानीय लोगों को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो, इसे प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए। राज्यपाल महोदय ने प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

    राज्यपाल महोदय की हालिया उत्तर सिक्किम यात्रा के दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों, सड़क अवसंरचना और पर्यटन सुविधाओं का जायजा लिया था। इस यात्रा के ठीक बाद आई इस आपदा पर उन्होंने चिंता व्यक्त की है।
    माननीय राज्यपाल ने आशा जताई है कि प्रशासन की सक्रियता से स्थिति जल्द सामान्य हो सके और पर्यटक सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुँच सकें।