21.08.2024 : सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने अपने गेजिंग दौरे के दूसरे दिन जिला प्रशासनिक केंद्र में पंचायत प्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ एक विशेष बैठक की।
सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने अपने गेजिंग दौरे के दूसरे दिन जिला प्रशासनिक केंद्र में पंचायत प्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ एक विशेष बैठक की।
बैठक के दौरान राज्यपाल महोदय ने ग्रामीण स्तर पर चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। राज्यपाल महोदय ने अधिकारियों से केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं—जैसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) की गतिविधियाँ, प्रधानमंत्री आवास योजना, वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम (वीबीपी), जल जीवन मिशन, वॉटर हार्वेस्टिंग और आयुष्मान भारत कार्ड आदि के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
राज्यपाल महोदय ने पंचायत प्रतिनिधियों से सीधे फीडबैक लेते हुए लोकतंत्र को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने पर बल दिया।
पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने कार्यक्षेत्र की चुनौतियाँ भी माननीय राज्यपाल के समक्ष रखीं। राज्यपाल महोदय ने ग्राम सभा के आयोजन, दिशा (DISHA) बैठक और कार्य प्रणाली के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला प्रशासन के अधिकारियों से संवाद करते हुए माननीय राज्यपाल ने कहा कि विकास की गति को तेज करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी उन्हीं पर है। उन्होंने रेखांकित किया कि इस कक्ष में जिले के संपूर्ण विकास के लिए जिम्मेदार पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित हैं, और यहीं से विकास की धारा आगे बढ़ती है। प्रत्येक नागरिक तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
माननीय राज्यपाल ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी का वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प तभी साकार होगा जब अधिकारी और जनप्रतिनिधि मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाना ही लोकतंत्र की सफलता का आधार है।
बैठक में लोकसभा सांसद डॉ इंद्र हांग सुब्बा , जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पंचायत अध्यक्ष डी. एस. सुब्बा ने सड़क समस्या को राज्यपाल महोदय के समक्ष रखते हुए इसे माननीय राज्यपाल को केंद्र तक ले जाने की मांग की, ताकि बेहतर कनेक्टिविटी से सिक्किम में पर्यटन को और बढ़ावा मिल सके।