18.07.2026 : सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने राज्यवासियों को द्रुकपा त्शे-जी के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।
सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने राज्यवासियों को द्रुकपा त्शे-जी के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।
अपने संदेश में माननीय राज्यपाल ने कहा, “सिक्किम के समस्त नागरिकों को द्रुकपा त्शे-जी के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएँ। यह अवसर उस पावन क्षण का प्रतीक है जब भगवान बुद्ध ने ज्ञान प्राप्ति के उपरांत सारनाथ स्थित मृगदाव में अपने प्रथम पाँच शिष्यों को चार आर्य सत्य का उपदेश दिया था। बौद्ध परंपरा में इस घटना को धर्मचक्र प्रवर्तन कहा जाता है, जो धर्म के पहिये को गति देने का प्रतीक है।
भगवान बुद्ध द्वारा प्रदत्त दिव्य ज्ञान और सार्वभौमिक कल्याण का दृष्टिकोण आज भी अत्यंत प्रासंगिक है। उनका दिखाया हुआ मध्यम मार्ग हमें आंतरिक शांति, सामाजिक सद्भाव और वैश्विक प्रगति की ओर मार्गदर्शन करता है।
आइए, इस शुभ अवसर पर हम सब मिलकर करुणा, सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लें। साथ ही सिक्किम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सांप्रदायिक सौहार्द की भावना को और सुदृढ़ करें।
यह पावन अवसर आप सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए।
नमो बुद्धाय !!