Close

    21.07.2026 : नामची टनल हादसे के ग्राउंड ज़ीरो पर पहुँचे माननीय राज्यपाल

    Publish Date : July 21, 2026

    सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने आज दक्षिण सिक्किम के नामची ज़िले के समरदुंग क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने तीस्ता स्टेज VI जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में हुई दुखद घटना का ग्राउंड ज़ीरो पर जाकर प्रत्यक्ष निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्यों की वास्तविक स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
    इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री श्री प्रेम सिंह तामांग भी घटना स्थल पर उपस्थित रहे।

    जानकारी प्राप्त अनुसार, एनएचपीसी तीस्ता स्टेज-VI जलविद्युत परियोजना, दक्षिण सिक्किम के समरडुंग में निर्माणाधीन टनल में कल संदिग्ध मीथेन गैस के अचानक फटने से यह घटना घटित हुई, जिसके फलस्वरूप सुरंग के भीतर घना धुआँ एवं विषैली गैसें उत्पन्न हुईं।

    बचाव कार्यों में मदद के लिए जिला प्रशासन, नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एनडीआरएफ), स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एसडीआरएफ), स्थानीय अधिकारियों, सिक्किम पुलिस, इंडिया रिजर्व बटालियन (IRB) और अन्य इमरजेंसी एजेंसियों के साथ मिलकर लगातार काम कर रही है।

    जिला प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार, टनल से अब तक 10 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई श्रमिकों और अधिकारियों के अभी भी भीतर फंसे होने की आशंका है, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास जारी हैं।

    इस संवेदनशील स्थिति को देखते हुए माननीय राज्यपाल ने आपदा प्रबंधन अधिकारियों से आग्रह किया है कि राहत और बचाव कार्यों में पूरी तत्परता बरती जाए, ताकि प्रभावित जनों तक शीघ्र सहायता पहुँच सके। साथ ही उन्होंने प्रशासन को निर्देशित किया है कि घायलों के उपचार हेतु हरसंभव प्रयास किए जाएँ और सभी प्रभावितों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

    इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए माननीय राज्यपाल ने कहा कि यह समय एकजुट होकर प्रभावित परिवारों को संबल देने का है।
    माननीय राज्यपाल ने मृतकों की पुण्यात्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और टनल के भीतर फंसे लोगों के सुरक्षित रेस्क्यू तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।