Close

    31.07.2026 : सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने पूरे किए कार्यकाल के 2 वर्ष आशीर्वाद हॉल में समारोह का आयोजन

    Publish Date : July 31, 2026

    सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने पूरे किए कार्यकाल के 2 वर्ष आशीर्वाद हॉल में समारोह का आयोजन

    सिक्किम के 18वें राज्यपाल के रूप में श्री ओम प्रकाश माथुर ने आज अपने 2 वर्ष का कार्यकाल पूरा कर लिया है। इस अवसर पर आज राजभवन के आशीर्वाद हॉल में एक समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सिक्किम विधानसभा अध्यक्ष श्री मिग्मा नोरबु शेरपा, माननीय उपाध्यक्ष श्रीमती राजकुमारी थापा, माननीय मंत्री श्री सोनाम लामा, ग्रामीण विकास विभाग के माननीय मंत्री श्री अरुण उप्रेती, शहरी विकास विभाग के माननीय मंत्री श्री भोज राज राई, माननीय शिक्षा मंत्री श्री राजू बस्नेत, सड़क एवं पुल विभाग के माननीय मंत्री श्री एन. बी. दाहाल, समाज कल्याण विभाग के माननीय मंत्री श्री सामदुप लेप्चा , गंगटोक क्षेत्र के माननीय विधायक श्री डीले नामग्याल बरफुंग्पा , केबिनेट सचिव श्री वी. बी. पाठक , मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और विभिन्न विभागों के सचिव उपस्थित रहे।
    कार्यक्रम की शुरुआत में राज्यपाल महोदय के सचिव सह अयुक्त श्री जितेंद्र सिंह राजे ने पिछले 2 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
    इसके बाद संस्कृति विभाग द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई।

    इस मौके पर माननीय राज्यपाल द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त कर्ताओं में सभी जिलों के कक्षा 10वीं के टॉपर्स, प्रगतिशील किसान, पुलिस कर्मी, सिक्किम ट्रेडिंग डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन की बुरतुक हेलीपैड प्रबंधक श्रीमती छेरिंग वांगमु सुब्बा व अर्जुन थापा, जूनियर ट्रैफिक अधिकारी,बागडोगरा हवाई अड्डे को सम्मानित किया गया।साथ ही शहरी विकास विभाग के कर्मचारी जो लोकभवन में नियुक्त हैं, उन्हें भी सम्मानित किया गया।
    इसी कड़ी में लोकभवन के अधिकारी और कर्माचारियों को भी उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए राज्यपाल महोदय द्वारा सम्मानित किया गया।
    राज्यपाल महोदय ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को सम्मानित करना अत्यंत प्रसन्नता का विषय है।अपने संबोधन में राज्यपाल महोदय ने कहा कि 1952 से सार्वजनिक जीवन में रहने के बाद सिक्किम का राज्यपाल बनना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने यहां के लोगों की सराहना करते हुए कहा कि वे सीमित संसाधनों में भी खुश रहते हैं। उन्होंने विशेष रूप से खुशी जताई कि 6 बोर्ड टॉपर्स में से 5 लड़कियां हैं, जो माननीय प्रधानमंत्री के नारी सशक्तिकरण के विजन का जीवंत उदाहरण है।
    राज्यपाल महोदय ने सिक्किम की पर्यावरण अनुकूल नीतियों की तारीफ की। उन्होंने राज्य के ऑर्गेनिक मिशन और ‘मेरो रुख मेरो संतति’ योजना (जिसके तहत बच्चे के जन्म पर 108 पौधे लगाए जाते हैं) को देश के लिए अनुकरणीय बताया। इसके साथ ही उन्होंने राज्य के बेहतरीन फॉरेस्ट कवरेज, अनुशासित ट्रैफिक और सीमा पर तैनात वीर सैनिकों की बहादुरी को शेष भारत के लिए एक मिसाल कहा।
    आज इस अवसर पर माननीय विधानसभा अध्यक्ष और माननीय मंत्रियों ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे।
    इस अवसर पर इंटरनेशनल मेडिटेशन फाउंडेशन (USA) के अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी अद्वैतानंद गिरि विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे जिन्होंने अपने आध्यात्मिक विचार सभी के समक्ष प्रस्तुत किये।