Close

    13.09.2026 : हिंदी दिवस के अवसर पर सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने राज्य वासियों को शुभकामनाएं दीं हैं।

    Publish Date : September 13, 2026

    हिंदी दिवस के अवसर पर सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने राज्य वासियों को शुभकामनाएं दीं हैं।
    अपने संदेश में माननीय राज्यपाल ने कहा, “हिन्दी दिवस के अवसर पर मैं सिक्किम के सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देता हूँ।

    हिंदी भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं है, बल्कि यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक चेतना, भावनात्मक अभिव्यक्ति और राष्ट्र की गौरवशाली पहचान का आधार है। हिंदी विविधता में एकता को मजबूत करते हुए उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक पूरे भारतवर्ष को अखंडता के एक अटूट सूत्र में जोड़ती है।
    सिक्किम जैसे बहुभाषी और बहुसांस्कृतिक राज्य में हिंदी संवाद का पुल है और सामाजिक सौहार्द का संवाहक है।
    किसी भी भाषा का सम्मान वास्तव में संस्कृति और सभ्यता का सम्मान है। भाषा केवल शब्दों का समूह नहीं, बल्कि सदियों पुरानी परंपराओं, जीवन मूल्यों और ज्ञान की धरोहर है। जब हम अपनी भाषा को आदर देते हैं, तो हम अपनी पहचान, अपने भाषाई गौरव और अपनी विरासत को जीवित रखते हैं।
    आइए, हम सब मिलकर अपनी स्थानीय मातृभाषाओं के प्रति सम्मान रखते हुए हिंदी भाषा को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाएं और राज्य की प्रगति तथा राष्ट्र के गौरव को नई ऊंचाइयों पर ले जाएं।