17.09.2026 : सिक्किम में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान का शुभारंभ: माननीय राज्यपाल ने माननीय मुख्यमंत्री की उपस्थिती में राज्य को दी कई विकासपरक सौगात
सिक्किम में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान का शुभारंभ: माननीय राज्यपाल ने माननीय मुख्यमंत्री की उपस्थिती में राज्य को दी कई विकासपरक सौगात
आज गंगटोक के रिज पार्क में देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान का गरिमामयी शुभारंभ किया गया।
यह राष्ट्रव्यापी स्वच्छता अभियान आज से शुरू होकर आगामी 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती तक अनवरत रूप से संचालित किया जाएगा।
इस विशेष अवसर पर सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान राज्य के माननीय मुख्यमंत्री श्री प्रेम सिंह तामांग की गरिमामय उपस्थिती रही।
इस कार्यक्रम में विशेष तौर पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। माननीय राज्यपाल सहित उपस्थित सभी गणमान्य जनों और जनता ने प्रधानमंत्री जी के सुस्वास्थ्य, दीर्घायु और देश सेवा में यशस्वी जीवन की मंगल कामना करते हुए दीप प्रज्वलित किए।
इसके उपरांत, राज्यपाल महोदय ने राज्य को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के संकल्प के साथ सभी उपस्थित लोगों को ‘स्वच्छता शपथ’ दिलाई।
कार्यक्रम में राज्य सरकार के माननीय मंत्रियों, विधायकों, मुख्य सचिव, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों सहित भारी संख्या में आम जनता ने भाग लिया।
कार्यक्रम के तहत शहरी विकास विभाग के तहत उत्कृष्ट कार्य कर रहे विभिन्न स्वयं सहायता समूहों को उनकी निरंतर सेवाओं के सम्मान स्वरूप वित्तीय सहायता के चेक सौंपे गए।
साथ ही ग्रामीण विकास विभाग द्वारा मोबाइल ट्रीटमेंट यूनिट के संचालन के लिए तैयार की गई ‘मानक संचालन प्रक्रिया’ (SOP) मार्गदर्शिका का विमोचन किया गया।
इसी कड़ी में राज्य में कचरा प्रबंधन और स्वच्छता प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए कुल 17 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इसी क्रम में, लोकभवन सिक्किम की पहल के अंतर्गत भारतीय स्टेट बैंक के सामाजिक सहयोग द्वारा सोरेंग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के लिए दो एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाई गई।
यह कार्यक्रम सिक्किम को देश का सबसे स्वच्छ, स्वस्थ और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के संकल्प के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।