Close

    01.11.2026 : लोकभवन सिक्किम में आयोजित हुआ 8 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों का स्थापना दिवस समारोह; ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना हुई सुदृढ़

    Publish Date : November 1, 2026

    लोकभवन सिक्किम में आयोजित हुआ 8 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों का स्थापना दिवस समारोह; ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना हुई सुदृढ़

    भारत सरकार के गृह मंत्रालय की दूरदर्शी पहल के तहत आज लोकभवन, सिक्किम में आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, पंजाब, तमिलनाडु तथा केंद्र शासित प्रदेशों—अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, चंडीगढ़, दिल्ली, लक्षद्वीप एवं पुडुचेरी का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
    भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, लोकभवन और लोकनिवास में देश के सभी राज्यों के स्थापना दिवस मनाने की इस पहल का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करना है।
    इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कमिश्नर सह सचिव श्री जितेंद्र सिंह राजे जी द्वारा की गई। कार्यक्रम की शुरुआत में संयुक्त सचिव श्री दिवस गौतम जी ने अपने स्वागत भाषण से सभी सम्मानित अतिथियों, विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों और छात्र-छात्राओं का स्वागत किया।इस दौरान
    सिक्किम विश्वविद्यालय की सामाजिक शास्त्र की प्रोफेसर डॉ.स्वाति सचदेव की विशेष उपस्थिती रही।

    समारोह को संबोधित करते हुए कमिश्नर सह सचिव ने माननीय राज्यपाल श्री दुष्यन्त गौतम की ओर से इस आयोजन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश के यशस्वी प्रधानमंत्री जी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के विजन को धरातल पर साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भले ही प्रशासनिक सुगमता के लिए हमारे राज्यों की भौगोलिक सीमाएं अलग हों और हमारी संस्कृतियों व परंपराओं में विविधता हो, लेकिन एक राष्ट्र के रूप में हम सब पहले भारतीय हैं। सचिव महोदय ने कहा कि यह आयोजन विभिन्न राज्यों के बीच एक मजबूत सांस्कृतिक सेतु का काम कर रहा है, जो हमें एक-दूसरे की अनूठी,संस्कृति, खान पान, भेष- भाषा, धरोहरों को करीब से जानने, समझने और उनका सम्मान करने का अवसर प्रदान करता है।

    इस अवसर पर केरल के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर जी का एक विशेष वीडियो संदेश भी प्रदर्शित किया गया, जिसमें केरल की सांस्कृतिक विरासत को गहराई से समेटते हुए राष्ट्रीय अखंडता को मजबूत करने का संदेश दिया।

    समारोह के दौरान केरल की छात्रा श्रीलक्ष्मी एम एस और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की छात्रा नवा एस्ले रोज ने अत्यंत प्रभावशाली ढंग से अपने-अपने राज्यों की समृद्ध संस्कृति, इतिहास और विशिष्ट भौगोलिक विशेषताओं पर प्रकाश डाला।
    इसके बाद, संस्कृति विभाग के कलाकारों द्वारा सिक्किम की जीवंत और पारंपरिक लोक संस्कृति पर आधारित एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया ।
    इस कार्यक्रम का संचालन माननीय राज्यपाल महोदय की पीआरओ ममता अवस्थी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन पर राज्यपाल के हिंदी सलाहकार डॉ. प्रदीप त्रिपाठी ने सभी प्रबुद्ध प्रतिनिधियों, अधिकारियों, छात्र-कलाकारों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।