Close

    04.11.2026 : माननीय राज्यपाल श्री दुष्यन्त गौतम की अध्यक्षता में लोकभवन में उच्च स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित; माननीय मुख्यमंत्री श्री प्रेम सिंह तामांग सहित कैबिनेट मंत्रीगण रहे उपस्थित

    Publish Date : November 5, 2026

    माननीय राज्यपाल श्री दुष्यन्त गौतम की अध्यक्षता में लोकभवन में उच्च स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित; माननीय मुख्यमंत्री श्री प्रेम सिंह तामांग सहित कैबिनेट मंत्रीगण रहे उपस्थित

    सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री दुष्यन्त गौतम ने राज्य के सर्वोच्च संवैधानिक पद का कार्यभार संभालने के उपरांत आज लोकभवन, में राज्य प्रशासन के साथ अपनी पहली औपचारिक समन्वय बैठक की अध्यक्षता की।
    इस उच्च स्तरीय परिचयात्मक और समीक्षा बैठक में सिक्किम के माननीय मुख्यमंत्री श्री प्रेम सिंह तामांग की गरिमामय उपस्थिती रही | इस दौरान राज्य मंत्री परिषद के माननीय सदस्यगण, मुख्य सचिव और लोकभवन के आयुक्त सह सचिव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव उपस्थित रहे । बैठक के आरंभ में मुख्य सचिव श्री आर. तेलंग द्वारा स्वागत संबोधन दिया गया।
    इसके पश्चात, माननीय मुख्यमंत्री ने माननीय राज्यपाल महोदय को मंत्री परिषद के सभी सदस्यों से औपचारिक रूप से परिचित कराया और सिक्किम सरकार की प्राथमिकताओं, चल रही महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं और भविष्य की कार्य-योजनाओं से अवगत कराया।
    माननीय राज्यपाल ने बैठक में उपस्थित संबंधित माननीय मंत्रियों से केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं व प्रमुख पहलों की प्रगति के बारे में जानकारी ली और कई योजनाओं की सराहना करते हुए रेखांकित किया कि इन सभी कार्यक्रमों का वास्तविक उद्देश्य राज्य के प्रत्येक नागरिक के सर्वांगीण कल्याण सुनिश्चित करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दूरदराज के क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाओं की पहुँच सुनिश्चित करने, शिक्षा ,स्वास्थ्य,पर्यटन, कृषि व पर्यावरण संरक्षण जैसे प्रमुख क्षेत्रों में नवाचार को बढ़ावा देने और लोकभवन के निरंतर सहयोग व राज्य सरकार के आपसी सुदृढ़ समन्वय के माध्यम से ही हम सिक्किम और उसके नागरिकों को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा सकते हैं।