26.11.2026 : माननीय राज्यपाल श्री दुष्यन्त गौतम ने गंगटोक में ‘हरित विकसित सिक्किम किसान मेला–2026’ एवं अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी (THASIRE-2026) का किया उद्घाटन
माननीय राज्यपाल श्री दुष्यन्त गौतम ने गंगटोक में ‘हरित विकसित सिक्किम किसान मेला–2026’ एवं अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी (THASIRE-2026) का किया उद्घाटन :स्थानीय उत्पादों की खरीद और डिजिटल भुगतान के माध्यम से ‘वोकल फॉर लोकल’ व ‘डिजिटल इंडिया” को किया प्रोत्साहित
सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री दुष्यन्त गौतम ने आज मनन केंद्र, गंगटोक में मुख्य अतिथि के रूप में ‘हरित विकसित सिक्किम किसान मेला–2026’ एवं ‘नवाचार, लचीलापन और उद्यमिता के माध्यम से पर्वतीय कृषि-खाद्य प्रणालियों का रूपांतरण’ विषय पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी (THASIRE-2026) के उद्घाटन सत्र में सहभागिता की। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के उत्तर-पूर्वी पर्वतीय क्षेत्र अनुसंधान परिसर, सिक्किम केंद्र, तादोंग द्वारा इंडियन एसोसिएशन ऑफ हिल फार्मिंग (IAHF), ICAR-IIOR (हैदराबाद) एवं ICAR-IIMR (हैदराबाद) के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम की मुख्य विषयवस्तु ‘2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए जैविक खेती : सिक्किम को टिकाऊ एवं जलवायु-अनुकूल कृषि के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करना’ है।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में माननीय राज्यपाल ने ‘हरित विकसित सिक्किम किसान मेला–2026’ का उद्घाटन किया तथा राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड, कृषि एवं बागवानी विभाग, कृषि विज्ञान केंद्रों, स्वयं सहायता समूहों, किसानों, बुनकरों आदि द्वारा लगाए गए विभिन्न प्रदर्शनी स्टालों का अवलोकन किया। इस दौरान राज्यपाल महोदय ने स्थानीय महिला किसानों एवं उद्यमियों से संवाद कर जैविक उत्पादों की खरीदारी की और डिजिटल भुगतान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को ‘डिजिटल इंडिया’ की मुख्यधारा से जोड़ने और वोकल फॉर लोकल का संदेश दिया। ‘फार्म टू टेबल’ की अवधारणा को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने स्थानीय उत्पादन, आर्थिक आत्मनिर्भरता और डिजिटल तकनीक के समन्वय को विकसित भारत @2047 के संकल्प की सिद्धि के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। इसी क्रम में ICAR-IIMR की उत्तर-पूर्वी क्षेत्र (NEH) विकास योजना के अंतर्गत सिरवानी एवं जंगू के किसान समुदायों को उपयोगी कृषि उपकरण भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दूसरे भाग में, माननीय राज्यपाल ने संविधान दिवस के अवसर पर भारत के
संविधान को नमन किया।
इसके बाद अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी (THASIRE-2026) के उद्घाटन सत्र का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर पूर्वी परिषद (NEC) के सचिव श्री सतिंदर कुमार भल्ला तथा विशेष अतिथि के रूप में ICAR के पूर्व उप महानिदेशक एवं ILRI दक्षिण एशिया के क्षेत्रीय प्रतिनिधि डॉ. एच. रहमान उपस्थित रहे। सत्र में संयोजक डॉ. अशोक कुमार के स्वागत भाषण और IAHF के अध्यक्ष डॉ. जी. कादिरवेल के परिचयात्मक उद्बोधन के उपरांत पर्वतीय कृषि के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को IAHF पुरस्कार–2025 से सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में अपने संबोधन में माननीय राज्यपाल ने ICAR परिसर (तादोंग) के 50 वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए, पिछले अनुभवों से सीखकर आगामी 25 वर्षों के लिए एक ठोस कृषि रोडमैप तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने पूर्ण जैविक राज्य के संकल्प कोआगे बढ़ाने पर राज्य सरकार और किसानों को बधाई देते हुए कहा कि जहाँ आज देश में रासायनिक खादों के दुष्प्रभावों से बचने के प्रयास हो रहे हैं, वहीं सिक्किम का जैविक मॉडल पूरे देश को नई राह दिखा रहा है।
माननीय राज्यपाल ने माननीय प्रधानमंत्री की जनहितकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड जैसी राष्ट्रीय पहलों के साथ-साथ ODOP और ‘श्री अन्न’,बड़ी इलायची, अदरक और बकव्हीट जैसी स्थानीय फसलों को ‘वोकल फॉर लोकल’ से ‘लोकल टू ग्लोबल’ बनाने पर जोर दिया।
राज्यपाल महोदय ने राज्य के जैविक उत्पादन में अत्यधिक वर्षा व भूस्खलन जैसी जमीनी चुनौतियों को रेखांकित करते हुए वैज्ञानिकों से बड़ी इलायची और संतरे की फसलों में रोगों के प्रकोप से निपटने के लिए रोग-प्रतिरोधक किस्में विकसित करने का आग्रह किया। उन्होंने राज्य में सेब की आधुनिक खेती को बढ़ावा देने की बात कहते हुए कहा कि इसके प्रयोग की निरंतरता तब तक बनाए रखे ,जब तक सफलता हासिल नहीं हो जाती है |
इसके अतिरिक्त, उन्होंने इंटीग्रेटेड फार्मिंग सिस्टम (पशुपालन, मधुमक्खी, मशरूम व मत्स्य पालन), तथा एग्री-टूरिज्म के तहत ‘एक पर्यटक, एक स्थानीय उत्पाद’ की अवधारणा को अपनाने का सुझाव दिया।
अपने संबोधन के अंत में नीय राज्यपाल ने युवाओं को खेती से जोड़ने के लिए कृषि को हाई-टेक बनाने पर बल दिया जिससे युवाओं का आकर्षण कृषि क्षेत्र की बढ़ सके । उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विज्ञान, परंपरा और नवाचार के बल पर सिक्किम के अंतिम पंक्ति में खड़े किसान को समृद्ध बनाकर ही ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम में पूर्वोत्तर परिषद के सचिव -श्री सतिन्दर कुमार भल्ला, निदेशक ,NERIST- नरेन्द्रनाथ एस, निदेशक ICAR ,पूर्वोत्तर क्षेत्र – डॉ जी. कादिरवेल,प्रमुख, क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र ,सिक्किम -डॉ अशोक कुमार, डॉ. दिनेश कुमार, डीन और प्रोफेसर, दक्षिण एशियाई विश्वविद्यालय , डॉ. एच. रहमान, पूर्व उप-महानिदेशक (पशु विज्ञान) और अंतर्राष्ट्रीय पशुधन अनुसंधान संस्थान के अंतर्राष्ट्रीय सलाहकार, कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपतिगण,भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद से पधारे अधिकारीगण, नेपाल से आए प्रतिनिधिगण , सिक्किम सरकार के विभिन्न विभागों के सचिव,केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, सिक्किम के उद्यमी सिक्किम के किसान ,भारत के विभिन्न राज्यों के प्रतिभागीगण, विश्वविद्यालयों के छात्र और संकाय सदस्य उपस्थित रहे |