28.11.2026 : माननीय श्री दुष्यन्त गौतम ने उत्तर पूर्व जनजातीय खाद्य एवं शिल्प महोत्सव का किया अवलोकन
माननीय श्री दुष्यन्त गौतम ने उत्तर पूर्व जनजातीय खाद्य एवं शिल्प महोत्सव का किया अवलोकन
सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री दुष्यन्त गौतम ने आज गंगटोक में आयोजित उत्तर पूर्व जनजातीय खाद्य एवं शिल्प महोत्सव में सहभागिता की।
इस महोत्सव का आयोजन जनजातीय कार्य मंत्रालय के अंतर्गत सामाजिक कल्याण विभाग,सिक्किम द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में ‘जनजातीय गौरव वर्ष’ के अंतर्गत किया गया।
इस अवसर पर राज्यपाल महोदय ने महोत्सव में पूर्वोत्तर भारत के आठों राज्यों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न राज्यों के पारंपरिक हस्तशिल्प, जनजातीय कला, स्थानीय उत्पादों तथा पारंपरिक व्यंजनों का अवलोकन किया और इनकी विशिष्टता, विविधता एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना की।
राज्यपाल महोदय ने पूर्वोत्तर राज्यों की जनजातीय परंपराओं, खान-पान, कला एवं शिल्प को भारत की सांस्कृतिक विविधता का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन देश की समृद्ध जनजातीय विरासत को पहचान एवं प्रोत्साहन देने के साथ-साथ विभिन्न राज्यों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा देते हैं जो ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार करते हुए भारतीय संस्कृति को और अधिक समृद्ध बनाती हैं।
इस अवसर पर माननीय राज्यपाल के आयुक्त सह सचिव श्री जितेंद्र सिंह राजे, गंगटोक नगर निगम की महापौर श्रीमती छिरिंग पाल्देन भूटिया, सामाजिक कल्याण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिती रही।